दिल्ली यमुना पार्क के पास दिखा तेंदुआ, वन विभाग अलर्ट
दिल्ली के बुराड़ी स्थित यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क के पास तेंदुआ दिखने से वन विभाग अलर्ट हो गया है। जगतपुर गांव में सर्च ऑपरेशन चलाया गया पर तेंदुआ नहीं मिला। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरे लगाए गए हैं। आबादी की ओर तेंदुए की कोई गतिविधि नहीं देखी गई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। बुराड़ी स्थित यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क के पास कैमरा ट्रैप में तेंदुआ दिखाई देने के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है। मंगलवार को वन विभाग ने जगतपुर गांव के वन क्षेत्र में तेंदुए की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया, हालांकि तेंदुआ नहीं मिला।
विभाग लगातार ट्रैप कैमरों के जरिए तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रहा है। राहत की बात यह है कि अभी तक आबादी की ओर तेंदुए की कोई हलचल नहीं देखी गई है। विभाग ने तेंदुए की निगरानी के लिए अतिरिक्त कैमरे भी लगाए हैं।
वन विभाग की एक विशेष टीम, जिसमें वन्यजीव विशेषज्ञ भी शामिल हैं, ने प्रभावित क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए मंगलवार को सघन तलाशी अभियान चलाया। तेंदुए की सही लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन की भी मदद ली गई।
इसके साथ ही दिल्ली पुलिस के सहयोग से आसपास के इलाकों में रात में गश्त बढ़ा दी गई है और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों के लिए जागरूकता अभियान चलाया, जिसमें तेंदुए से बचने के उपाय बताए गए।
अधिकारियों ने बताया कि तेंदुआ संभवतः यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क के जंगल से भटक कर आया है। अभी तक कोई हमला नहीं हुआ है, लेकिन अप्रैल 2024 की घटना को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है, जिसमें एक तेंदुए ने तीन लोगों को घायल कर दिया था।
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि बायोडायवर्सिटी पार्क की फेंसिंग को मजबूत किया जाए। वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा जाएगा। स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सतर्कता बनी हुई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।