Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में यमुना पार्क के पास दिखा तेंदुआ, इलाके के लोगों में दहशत का माहौल

    Updated: Tue, 17 Jun 2025 03:25 PM (IST)

    बाहरी दिल्ली में यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क के पास तेंदुए के दिखने से दहशत फैल गई है। एक किसान और वन्यजीव प्रेमी के कैमरे में तेंदुआ कैद हुआ है। ग्रामीणों ने अधिकारियों को सूचित किया जिसके बाद वन्यजीव विभाग ने तलाशी अभियान चलाया। हालांकि तेंदुए की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। क्षेत्र में पहले भी तेंदुए देखे गए हैं जिससे लोगों में डर का माहौल है।

    Hero Image
    यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क के पास दिखा तेंदुआ। फोटो जागरण

    जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। क्षेत्र में तेंदुए की उपस्थिति को लेकर पिछले पांच-छह महीनों से चल रहीं अटकलें अब सच होती दिख रही हैं। स्थानीय किसान और वन्य जीव प्रेमी की ओर से लगाए गए कैमरे में कल रात 10:27 मिनट पर तेंदुआ यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क के पास टहलते हुए कैद हुआ है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सोमवार को ग्रामीणों ने यह फोटो यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क प्रबंधन और वन्य प्राणी विभाग के अधिकारियों से साझा किया। देर शाम वन्य प्राणी विभाग की टीम ने क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। लेकिन, तेंदुए की उपस्थिति के बारे में संशय बना हुआ है।

    फिलहाल तेंदुए को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को फिर सर्च अभियान चलाया जाएगा। यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क प्रबंधन की ओर से तेंदुए की उपस्थिति के बारे में अभी आधिकारिक तौर पर पुष्ट नहीं की गई है।

    पिछले दिनों पल्ला गांव के पास भेडिये की फोटो कैद करने वाले वन्य जीव प्रेमी हेमंत गर्ग और जगतपुर गांव के किसान महफूज अली ने कुछ दिन पहले एक कैमरा यमुना बायोडावर्सिटी पार्क के पास लगाया था। यह कैमरा विशेष तौर पर तेंदुए की क्षेत्र में उपस्थिति का पता लगाने के उद्देश्य से लगाया गया था।

    कल रात 10 बजकर 27 मिनट पर कैमरे में तेंदुए का फोटो कैद हुआ है। आज इस फोटो को यमुना बायोडावर्सिटी पार्क प्रबंधन के साथ-साथ वन्य प्राणी विभाग को भी भेजा गया। किसान महफूज अली ने बताया कि जनवरी महीने से क्षेत्र में कई बार तेंदुए के पदचिन्ह दिखाई दिए।

    इस बात को कई बार संबंधित अधिकारियों का बताया गया, लेकिन पुख्ता जानकारी के अभाव में ग्रामीण की इस बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसी के मद्देनजर वन्य जीव प्रेमी हेमंत गर्ग ने कैमरे लगाए। तेंदुए की उपस्थिति की चर्चा के बाद क्षेत्र में दिनभर चर्चाएं गर्म रहीं।

    महफूज अली ने बताया कि शाम के समय वन्य प्राणी विभाग की टीम ने क्षेत्र का दौरा किया और लोगों से बात की। कुछ समय सर्च अभियान भी चलाया। अंधेरा बढ़ने के बाद टीम चली गई। बता दें कि 2023 में जगतपुर गांव में एक तेंदुआ घुस गया था और हमला कर दर्जनभर ग्रामीणों को घायल कर दिया था।

    इसके बाद एक घर में घुस गया था, जिसे बाद में वन्य प्राणी विभाग की टीम ने घर से रेस्क्यू किया था। पिछले साल जीटी करनाल रोड पर अलीपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर में एक तेंदुए की मौत भी हुई थी। यमुना बायोडावर्सिटी पार्क के पास 2016 में भी तेंदुआ नजर आया था।