Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ये है फरजाना के योहाना बनने की पूरी कहानी, जिसने वर्षों तक संभाली सरधना की जागीर

    By JP YadavEdited By:
    Updated: Sun, 18 Nov 2018 10:41 AM (IST)

    एक साधारण सी नाचने वाली के घर में जन्मी यह बेहद खूबसूरत मुसलमान लड़की फरजाना कैसे ईसाई बनी कैसे एक रियासत की बेगम बनी? यह जानकार लोगों को हैरानी होगी।

    ये है फरजाना के योहाना बनने की पूरी कहानी, जिसने वर्षों तक संभाली सरधना की जागीर

    नई दिल्ली [नलिन सिंह चौहान]। पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक में एक इलाका आज भी कोठी बेगम समरू के नाम से प्रसिद्ध है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पीछे एक विशाल भवन बना हुआ है, जिसे 19वीं शताब्दी की शुरुआत में बेगम समरू (1750-1836) ने अपने रहने के लिए बनवाया था। एक साधारण सी नाचने वाली के घर में जन्मी यह बेहद खूबसूरत मुसलमान लड़की फरजाना कैसे ईसाई बनी, कैसे एक रियासत की बेगम बनी, यह भारत के इतिहास की एक दिलचस्प कहानी है। 1765 में फरजाना की दिल्ली में वॉल्टर रेइनहार्ड सोंब्रे से आंखे चार हुईं और वह उसकी हो गईं। सोंब्रे भाड़े पर लड़ने वाला यूरोपीय सैनिक था। जिसने अंग्रेजों के खिलाफ होने के कारण जाट और बाद में मुगलों की ओर से अनेक लड़ाइयां लड़ीं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    1776 में मुगल बादशाह शाह आलम द्वितीय ने सोंब्रे को शाही सनद देते हुए सरधना की जागीर दी। सोंब्रे के साथ रहने के कारण फरजाना को लोग सोंब्रे के अपभ्रंश सुमरू से बुलाने लगे। बेगम तो उसके नाम के साथ था ही। 1778 में वॉल्टर रेइनहार्ड की मौत के बाद फरजाना ने बेगम समरू के रूप में सोंब्रे की संपन्न जागीर सरधना का 58 साल तक इंतजाम अपने हाथ में रखा। इस तरह बेगम समरू ने सरधना में एक लंबा और रंगभरा जीवन व्यतीत किया। सरधना में उसका वास्तुकला की दृष्टि से बनवाया एक बेजोड़ गिरजाघर उसकी याद दिलाता है। उल्लेखनीय है कि सरधना की जागीरदार बनने के बाद बेगम समरू ने कैथोलिक ईसाई मत अपनाते हुए अपना नाम जोआना (योहाना) रख लिया था।

    ऐसे बनी थी हवेली

    मुगल बादशाह शाह आलम द्वितीय ने 1806 में पुरानी दिल्ली में जहांआरा के बेगम का बाग के पूर्वी छोर का हिस्सा बेगम समरू को कोठी (हवेली) बनवाने के लिए दिया था। एक मुहल्ला इस स्थान को शेष बाग से अलग करता था। तब यह कोठी बाग के ठीक बीच में स्थित थी, जहां पर फूल और फलों के पेड़ लगे हुए थे। थॉमस मेटकॉफ की शाही दिल्ली के संस्मरण नामक पुस्तक में कोठी के चित्रों को देखने से पता चलता है कि कोठी के साथ बनी इमारतों में बेगम के घरेलू सहायकों के लिए घर, सैनिकों के लिए बैरकों के साथ एक अहाता, एक बड़ा कुआं और एक हमाम बनाया हुआ था। अंग्रेजों की दिल्ली में बेगम समरू की कोठी अपने भव्य आयोजनों के लिए प्रसिद्ध थी। यही कारण है कि तब के ईस्ट इंडिया कंपनी के बड़े से बड़े पदाधिकारी बेगम का आतिथ्य स्वीकार करने में अपार आनंद की अनुभूति करते थे। बेगम समरू की मौत के बाद कोठी का मालिक उनका गोद लिया बेटा डाइस सौंब्रे बना। वह यहां कुछ समय रहने के बाद स्थायी रूप से इंग्लैंड चला गया।

    सेनानियों के भी निशाने पर रही

    1847में कोतवाली के करीब होने के कारण इस खाली कोठी का प्रशासनिक सुविधा के लिए बतौर कचहरी उपयोग होने लगा। उसके बाद तब के दिल्ली बैंक के मालिक और धनी हिंदू बैंकर लाला चूनामल ने इस कोठी को खरीदा। इस तरह यह आवासीय कोठी से एक बैंक में तब्दील हो गई। तब इसके अंग्रेज बैंक मैनेजर बेर्सफोर्ड इसके परिसर में ही अपने परिवार के साथ रहते थे। 1857 में देश की पहली आजादी की लड़ाई में बैंक होने के कारण यह कोठी स्वतंत्रता सेनानियों के निशाने पर थी। इसी कारण यह कोठी लूट-आगजनी का शिकार हुई। जब अंग्रेज सेना ने सिंतबर 1857 में दिल्ली पर दोबारा कब्जा किया तो मुगल बादशाह को  लालकिले में ले जाने से पहले कुछ समय यहां कैद रखा गया। 1859 के बाद इस कोठी में दोबारा बैंकिंग का कामकाज शुरू हुआ पर इस बार लॉयड बैंक के नाम से। साथ ही बैंक तक पहुंचने के लिए एक गली का रास्ता बनाया गया और दुकानें खुलीं, जहां कोठी के सामने बाग हुआ करता था।

    इतना ही नहीं, 1883-84 के दिल्ली के गजट में यहां के बाग को देखने लायक स्थानों में से एक बताया गया। 1922 में लॉयड बैंक ने यह संपत्ति तब की दिल्ली के नामी वकील मुंशी शिवनारायण को बेच दी। 1940 में मुंशी ने इसे एक व्यापारी लाला भगीरथ को बेच दिया। आज का भागीरथ प्लेस इन्हीं लाला भगीरथ के नाम पर है जहां दिल्ली का सबसे बड़ा बिजली उपकरणों का बाजार है।

    (लेखक दिल्ली के अनजाने इतिहास के खोजी)

    यह भी पढ़ेंः जानिये- रणवीर से शादी करने वाली एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण का सिंधियों से रिश्ता

    comedy show banner
    comedy show banner