केजरीवाल सरकार पर कपिल मिश्रा का बड़ा हमला- परियोजाओं पर उठाए गंभीर सवाल
केजरीवाल सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कपिल मिश्रा ने कहा कि सेनेटरी नैपकिन देने के लिए भी पैसा वापस किया जा रहा है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। आम आदमी पार्टी (AAP) जहां आगामी 14 फरवरी को दिल्ली में सरकार गठन की तीसरी वर्षगांठ मनाने जा रही है, वही विपक्ष ने हमले तेज कर दिए हैं। ताजा मामले में दिल्ली के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा ने रविवार को पत्रकार वार्ता कर अरविंद केजरीवाल सरकार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। दिल्ली की करावलनगर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के बागी विधायक कपिल मिश्रा ने पत्रकार वार्ता में केजरीवाल सरकार को पूरी तरह फेल बताया है।
पत्रकार वार्ता में बागी AAP नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार पूरी तरह फेल है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने खुद 49 परियोजनाओं की घोषणा की थी। हैरानी की बात है कि इन परियोजनाओं पर पूरे साल में एक रुपया भी खर्च नहीं किया गया।
कपिल मिश्रा ने आरोपों के पक्ष में कहा कि इनमें शिक्षा मंत्रालय की 18 योजनाए हैं। इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग की 4 योजनाओं के अलावा पीडब्ल्यूडी विभाग की 10 योजनाएं भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि यमुना रिवर फ्रंट की एक भी मीटिंग नहीं ली गई है। उन्होंने कहा कि मिड डे मील पर 55 करोड़ रुपये खर्च किया जाना था।
पत्रकार वार्ता की मुख्य बातें
केजरीवाल सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कपिल मिश्रा ने कहा कि सेनेटरी नैपकिन देने के लिए भी पैसा वापस किया जा रहा है।
1. अर्ली चाइल्डहुड सेंटर नहीं बनाया गया।
2. नई लाइब्रेरी बनानी थी, लेकिन एक भी नहीं बनाई गई।
3. एक भी एक्सिलेंस स्कूल नहीं बनाया गया, जिसकी घोषणा की गई थी।
4. मल्टी स्टोरी होस्टल का एलान हुआ था, लेकिन इस पर कोई काम नहीं हुआ।
5. पंजाबी-उर्दू क्लब बनाने की घोषणा थी, पर एक भी पैसा इस पर नहीं किया गया।
6. 150 पोलीक्लीनक बनने थे, लेकिन 16 ही बने।
7. 10 हजार बिस्तर की क्षमता बढ़नी थी, एक भी बिस्तर की संख्या नहीं बढ़ी, बल्कि अब ये संख्या 9500 रह गई है।
8. 1.5 करोड़ हेल्थ कार्ड बनने थे, एक भी नहीं बना।
9. पंजाबी टीचरों की भर्ती की बात की गई थी, लेकिन पंजाब चुनाव तक यह बात रही। उसके बाद कुछ नहीं हुआ।
10. 10 हज़ार ऑटो के परमिट की घोषणा की गई थी, जिसमें 90% काम हुआ है।
11. इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग के लिए भी पैसा खर्च नहीं किया गया था।
12. अंडरपास आश्रम चौक पर एक रुपया नहीं खर्च गया।
13. महिपालपुर से एयरपोर्ट तक अंडरपास बनना था उसपर एक रुपया भी खर्च नहीं किया गया।
यहां पर बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब कपिल मिश्रा ने दिल्ली सरकार पर सवाल दागे हैं। आम आदमी पार्टी (आप) के 20 विधायकों की सदस्यता को लेकर कपिल ने सीधे तौर पर सीएम अरविंद केजरीवाल पर करारा प्रहार किया था। कपिल ने ट्वीट कर कहा था कि एक आदमी के लालच के कारण खत्म हुई 20 MLAs की सदस्यता और केजरीवाल पैसों के लालच में अंधे हो चुके थे।