चांदनी चौक के ज्वेलर के कर्मचारी पर चाकू से हमला कर लूटी 40 लाख की ज्वेलरी
दिल्ली के सुभाष प्लेस इलाके में बदमाशों ने एक ज्वेलर के कर्मचारी पर चाकू से हमला करके 40 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। घायल कर्मचारी अस्पताल में भर्ती ह ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली: सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र में बदमाशों ने बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े चांदनी चौक के एक ज्वेलर के कर्मचारी पर चाकू से हमला कर करीब 40 लाख मूल्य के सोने व चांदी के आभूषण की लूट की वारदात को अंजाम दिया।
वारदात के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल कर्मचारी की पहचान सुभाष रामका के रूप में हुई है। घायल कर्मचारी को शालीमार बाग स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित के बयान पर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर आरोपितों का पता लगा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से पुलिस आरोपितों का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारी का दावा है कि जल्द ही आरोपितों को पकड़ लेगी।
दोपहर तीन बजे ज्वेलरी के नमूने लेकर निकला था कर्मचारी
उत्तरी पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर साढ़े तीन बजे सुभाष प्लेस थाना पुलिस को फोर्टिस अस्पताल से एक शख्स को चाकू लगने के बाद भर्ती कराए जाने की जानकारी मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची। जहां सुभाष रामका का इलाज चल रहा था। पूछताछ करने पर पता चला कि पीड़ित चांदनी चौक के ज्वेलर पंकज जैन की दुकान में काम करते हैं।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे सुभाष रामका अपने साथी गोपाल के साथ गहने के नमूने लेकर ज्वेलरों को दिखाने के लिए कोहाट मेट्रो स्टेशन पहुंचे थे। कुछ देर बाद दो अज्ञात बदमाशों ने सुभाष से बैग छीनने लगे।
बैग में 357 ग्राम सोने और 7.50 किलो चांदी की ज्वेलरी थी
विरोध करने पर बदमाशों ने उनपर चाकू से हमला कर दिया। घटना के समय गोपाल थोड़ी दूरी पर खड़ा था। हमला करने के बाद बदमाश बैग छीनकर रोहिणी की ओर भाग गए।
बताया जा रहा है कि बैग में 357 ग्राम सोने की चेन और 7.50 किलो चांदी थे। जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।