Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'भगवान कृष्ण का चरित्र धर्म और न्याय के पथ पर चलने की देता है प्रेरणा', CM रेखा गुप्ता का जन्माष्टमी पर संदेश

    Updated: Sat, 16 Aug 2025 10:15 PM (IST)

    मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने इस्कॉन मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में भाग लिया और अन्य समारोहों में भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण धर्म कर्तव्य और सत्य के प्रतीक हैं और उनका जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने की शिक्षा देता है।

    Hero Image
    भगवान कृष्ण का चरित्र धर्म, न्याय और कर्तव्यनिष्ठा के पथ पर चलने की देता प्रेरणा: मुख्यमंत्री।

    जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन-चरित्र हमें धर्म, न्याय और कर्तव्यनिष्ठा के पथ पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया कि वे मिलकर राजधानी को आदर्श और सशक्त दिल्ली बनाने में योगदान दें। शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर उन्होंने विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री ने सुबह ईस्ट आफ कैलाश स्थित इस्कान मंदिर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में भाग लिया, जहां उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की आरती उतारी और श्रद्धालुओं संग उत्सव में सम्मिलित हुईं। इसके बाद उन्होंने दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (कुतुबगढ़) के अलावा प्रशांत विहार, शालीमार बाग व अन्य क्षेत्रों में आयोजित जन्माष्टमी समारोह में हिस्सा लिया। वहां उन्होंने बाल कृष्ण को झूला झुलाया, माखन-मिसरी का भोग लगाया और भजन संध्या में उपस्थिति दर्ज कराई।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान कृष्ण केवल एक दिव्य बालक या आराध्य देव ही नहीं, बल्कि जीवन के सार, कर्तव्य और सत्य के प्रतीक हैं। उन्होंने गीता के उपदेशों के माध्यम से मानव जाति को धर्म, निष्काम कर्म और समभाव का मार्ग दिखाया। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और विवेक बनाए रखना ही सच्ची भक्ति है।

    दिल्ली के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने भी इस्कान मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की तथा लड्डू गोपाल स्वरूप का अभिषेक कर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर उनके साथ सांसद बांसुरी स्वराज भी उपस्थित रहीं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक हैं। इस पावन अवसर पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि राष्ट्र और विश्व में धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना बढ़े और समस्त विश्व का कल्याण हो।

    यह भी पढ़ें- मध्यरात्रि जन्मे कृष्ण कन्हैया, झूम उठी राजधानी; भक्तों ने भजन-कीर्तन किए और लड्डू गोपाल को लगाया भोग