युवती के साथ जैन मुनि नयन सागर का वीडियो वायरल, थम नहीं रहा बवाल
पिछले दिनों जैन मुनि नयन सागर का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें रात्रि के समय उनके कक्ष में एक युवती जाती हुई नजर आई थी। ...और पढ़ें

नई दिल्ली/खतौली (जेएनएन)। दिल्ली से बेहद करीब उत्तर प्रदेश के खतौली की युवती के साथ जैन मुनि नयन सागर का वीडियो वायरल होने के बाद जैन समाज में नयन सागर के खिलाफ पनप रहा आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा। खासकार दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लोगों में काफी गुस्सा है।
मुनि नयन सागर के प्रकरण को लेकर दो दिन पहले रविवार को हुई खतौली में जैन समाज की हुई महासभा में 11 सितंबर (मंगलवार) से देशव्यापी महाआंदोलन छेड़ने का निर्णय लिया गया है। निर्णय के मुताबिक, 11 और 12 सितंबर को चंडीगढ़ में जिस मंदिर में नयन सागर चातुर्मास कर रहे हैं, उसके सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। जैन मुनि को वस्त्र पहनाने का निर्णय भी लिया गया है।
जानाकारी के मुताबिक, रविवार की रात सुशीला गार्डन बैंक्वेट हाल में हुई जैन समाज की महासभा में नयन सागर के खिलाफ निर्णायक आंदोलन छेड़ने का निर्णय लिया गया। यमुनापार जैन समाज, दिल्ली के उपाध्यक्ष सुनील जैन ने कहा है कि नयन सागर को बाबा रहने नहीं देंगे। उनसे पिच्छी कमंडल छीना जाएगा। गांधी जी ने अहिंसक आंदोलन चलाया था, लेकिन देश की आजादी के लिए भगत सिंह जैसे वीर सपूत थे। इसलिए गोली चलानी पड़ी तो गोली भी चलाई जाएगी।
वहीं मुकेश जैन बड़ौत ने कहा कि नयन सागर को न तो साधुओं ने दंडित किया और न ही विद्वानों ने, इसलिए अब उन्हें समाज दंडित करे। वीर सेना दिल्ली के अध्यक्ष सतेंद्र जैन ने कहा कि नयन सागर के खिलाफ किसी भी हद तक आंदोलन को तैयार हैं। जैन समाज खतौली के अध्यक्ष सुशील जैन ने भरोसा दिलाया कि आंदोलन में खतौली का समाज आगे रहेगा। जैन समाज दिल्ली के महामंत्री राजेश जैन ने कहा कि वीडियो की फारेंसिक जांच में नयन सागर दोषी साबित हुआ है। चंडीगढ़ का जैन समाज भी उनके धरने शामिल होगा।
इस मामले में पिछले दिनों यमुनापार जैन समाज के नेतृत्व में गठित दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 91 मंदिरों की संयुक्त संघर्ष समिति की एक बैठक सूरजमल विहार स्थित जैन मंदिर में हुई थी। इसमें नयन सागर को सजा देने की मांग की गई थी। चंडीगढ़ में चातुर्मास कर रहे मुनि नयन सागर के खिलाफ आंदोलन तेज करने का फैसला किया गया है। बैठक में तय हुआ कि 11 सितंबर से चंडीगढ़ के सेक्टर 27 स्थित जैन मंदिर में धरना दिया जाएगा।
वायरल हुआ था वीडियो
बता दें कि पिछले दिनों नयन सागर का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें रात्रि के समय उनके कक्ष में एक युवती जाती हुई नजर आई थी। संयुक्त संघर्ष समित के अध्यक्ष पंकज जैन ने बताया कि आंदोलन का आगाज उत्तर प्रदेश के खतौली में महापंचायत से होगा। इसमें 11 सितंबर से चंडीगढ़ में शुरू होने वाले धरने का बिगुल फूंका जाएगा। धरने में दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा एवं पंजाब से भी लोग पहुंचेंगे। इस धरने से भी बात नहीं बनी तो अगले चरण में मंदिरों में सामूहिक उपवास रखा जाएगा।
युवती बोली- महाराज को बदनाम करने के लिए हुआ मेरा इस्तेमाल
चंडीगढ़ के सेक्टर-27 के श्री दिगंबर जैन मंदिर में चातुर्मास के लिए विराजमान जैन मुनि नयन सागर महाराज पर लगाए गए आरोपों के मामले में 20 अगस्त को उस समय नया मोड़ आ गया था जब वीडियो क्लिप में जैन मुनि के साथ दिखाई दे रही युवती ने पुलिस उप महानिरीक्षक, सहारनपुर (उप्र) के समक्ष पेश होकर अपनी सफाई दी और मीडिया के सामने आकर कुछ लोगों पर जैन मुनि को बदनाम करने के षड्यंत्र का आरोप लगाया था।
उसका कहना था कि उसके फोटो के साथ छेड़छाड़ कर उसे आपत्तिजनक बनाया और फिर सोशल साइट पर वायरल करने की धमकी देकर उसे महाराज के कमरे में जाने को मजबूर कर दिया। युवती ने कहा था कि तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक वह संघर्ष करती रहेगी।
जैन मुनि नयन सागर महाराज के साथ वायरल हो रही वीडियो से मचे बवाल के बीच युवती ने कहा कि अब उसके अपने परिजन और जैन समाज के कुछ लोग ही उसके खिलाफ हो गए हैं। उसने कहा कि मुजफ्फरनगर के जैन मंदिर वहलना के एक पदाधिकारी ने एक महिला एवं एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर यह षड्यंत्र रचा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।