Delhi Woman Murder: जहांगीरपुरी में किशोरी की मां की हत्या कर भागने वाला था नेपाल, पुलिस ने पकड़े तीनों आरोपी
जहांगीरपुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को घर में घुसकर किशोरी की मां की हत्या मामले में फरार तीनों आरोपियों को पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के अंदर पकड़ लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपित समेत उसके एक साथी को गोरखपुर रेलवे स्टेशन से पकड़ा है जो अपने साथी के साथ नेपाल भागने की तैयारी में था। वहीं तीसरे आरोपित को पुलिस ने गुरुग्राम से पकड़ लिया।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। जहांगीरपुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को घर में घुसकर किशोरी की मां की हत्या मामले में फरार तीनों आरोपियों को पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के अंदर पकड़ लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपित समेत उसके एक साथी को गोरखपुर रेलवे स्टेशन से पकड़ा है, जो अपने साथी के साथ नेपाल भागने की तैयारी में था।
वहीं, तीसरे आरोपित को पुलिस ने गुरुग्राम से पकड़ लिया। मुख्य आरोपित के दूसरे समुदाय के होने की वजह से शनिवार को क्षेत्र में दिन भर तनाव का माहौल रहा। माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया। पुलिस ने इन आरोपितों के खिलाफ आईपीसी की धारा-302, 452, 506,34, 120 बी समेत आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
ट्रेन से भागने वाला था नेपाल
उत्तरी-पश्चिमी जिला के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस छानबीन में पता चला कि मुख्य आरोपित का नेपाल आना-जाना लगा रहता है। जिससे टीम ने अंदाजा लगाया कि आरोपित हत्या के बाद ट्रेन से नेपाल भाग सकता है। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने आरोपित के भागने की दिशा में सीसीटीवी कैमरे की जांच की।
गोरखपुर से हुआ गिरप्तार
इससे पता चला कि वह रेलवे स्टेशन की ओर भागा है। पुलिस को तकनीकी जांच की मदद से पता चला कि आरोपित ट्रेन से गोरखपुर की ओर जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने रेलवे पुलिस से सारी जानकारी मुहैया करवाई। जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपित को उसके एक अन्य साथी के साथ गोरखपुर रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया।
वहीं इसका एक अन्य साथी गुरुग्राम से पकड़ा गया। शनिवार दोपहर को टीम आरोपितों को गोरखपुर से दिल्ली लेकर रवाना हो गई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपितों के दिल्ली पहुंचने के बाद पूछताछ की जाएगी।
मुख्य आरोपित का होगा बोन टेस्ट
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपित के कागजात के मुताबिक इसे बालिग होने में कुछ ही महीने बचे हैं। फिर भी जरूरत पड़ने पर इसका बोन टेस्ट कराया जाएगा। ऐसा कर पुलिस यह पता लगाएगी कि आरोपित बालिग है या नाबालिग। वहीं, इसके दोनों साथियों के उम्र का पता लगाने के लिए पुलिस इसके जरूरी कागजात का पता लगा रही है। ताकि इन सभी की सही उम्र का पता चल सके।
पहले जहांगीरपुरी में रहता था आरोपित
जानकारी के मुताबिक मुख्य आरोपित पहले जहांगीरपुरी क्षेत्र में अपने परिवार के साथ एक किराये के मकान में रहता था। बाद में कापसहेड़ा क्षेत्र में रहने लगा था। मूलरूप से बिहार के बक्सर का रहने वाला है। परिवार की ओर से किशोरी को हास्टल में रखवाने के बाद से ही मुख्य आरोपित किशोरी की मां को जान से मारने की धमकी देता आ रहा था।
शुक्रवार को अपने साथियों के साथ मिलकर गोली मारकर किशोरी की मांग की हत्या कर दी। हत्या करने से पहले मुख्य आरोपित खुद के इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर पिस्टल व गोली के साथ फोटो शेयर किया था।
तीन वर्षों से किशोरी कर रहा था परेशान
मुख्य आरोपित किशोरी से शादी करना चाहता था, जिसका किशोरी की मां हमेशा विरोध करती थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपित पिछले तीन सालों से किशोरी को परेशान करता था। आरोपित को पुलिस ने वर्ष 2021 और 2023 में भी पकड़ा था। वह एक माह तक बाल सुधार गृह में बंद रहा है।
बीते महीने मार्च में फिर से यह किशोरी को नेपाल लेकर भागा था। जहां से पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। हाल ही में किशोरी की मां ने आगे की पढ़ाई के लिए एक गुरुकुल में नामांकन करा दिया था। जो गुरुकुल के ही हास्टल में रहती थी। तभी से आरोपित काफी नाराज चल रहा था। कई बार किशोरी की मां को फोन पर धमकी भी दे चुका था। हत्या वाले दिन भी आरोपित ने किशोरी की मां को फोन पर धमकी दी थी।
300 मीटर पर है पुलिस बूथ
पीड़ित परिवार के एक किलोमीटर की दूरी पर जहांगीरपुरी थाना है, वहीं 300 मीटर की दूरी पर पुलिस बूथ भी है। ऐसे में लोग हैरान हैं कि दिनदहाड़े हाथ में पिस्टल लेकर घनी आबादी वाले क्षेत्र में आरोपित अपने साथियों के साथ आता है, फिर वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद से क्षेत्र के लोगों में भी पुलिस के प्रति काफी नाराजगी है। इनके बीच सुरक्षा को लेकर भी डर का माहौल है।