Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पहाड़ों पर बर्फबारी और दिल्ली-NCR में कंपकंपाती सर्दी... कब पड़ेगी? मौसम विभाग ने दिया बड़ा अपडेट

    Updated: Mon, 02 Dec 2024 07:14 AM (IST)

    पहाड़ों पर बर्फबारी और दिल्ली-NCR में कंपकंपा देने वाली सर्दी का इंतजार अभी और करना होगा। मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर के दूसरे सप्ताह में पहाड़ों पर अच्छी बरसात और बर्फबारी होगी। इसके बाद ही तापमान में गिरावट आएगी। इस बर्फबारी का असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों पर भी दिखेगा। वहीं आज सुबह स्मॉग एवं मध्यम श्रेणी का कोहरा रहने के आसार हैं।

    Hero Image
    दिल्ली में जल्द बढ़ेगी सर्दी। फाइल फोटो

    संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। दिसंबर भले लग गया हो, लेकिन कंपकंपाती यानी दिल्ली की चिर-परिचित सर्दी के लिए और इंतजार करना होगा। शुष्क अक्टूबर-नवंबर के बाद अभी दिसंबर का पहला सप्ताह भी कमोबेश ऐसा ही बीतेगा। महीने के दूसरे सप्ताह यानी आठ नौ तारीख के आसपास पहाड़ों पर अच्छी बरसात और बर्फबारी होगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसके बाद ही तापमान गिरेगा। मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ों पर होने वाली इस बर्फबारी का असर उत्तर भारत पर भी साफ दिखाई देगा। दिल्ली-एनसीआर ही नहीं, हरियाणा, पंजाब, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी ठंडक बढ़ेगी।

    अक्टूबर-नवंबर बीता गर्म, बर्फबारी भी नहीं हुई

    गौरतलब है कि पहले अक्टूबर और फिर नवंबर का माह पूरी तरह शुष्क बीत गया, एक भी दिन बरसात नहीं हुई। पहाड़ों पर थोड़ी बहुत बर्फबारी ही हुई। कोई मजबूत पश्चिमी विक्षोभ नहीं आया, लेकिन दिसंबर के दूसरे सप्ताह में पहाड़ों पर एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं।

    इसके तहत अगले रविवार व सोमवार को जम्मू कश्मीर में ऊंचे पहाड़ों पर न केवल अच्छी वर्षा बल्कि ठीकठाक बर्फबारी भी होगी।

    8-9 दिसंबर को सक्रिए होगा पश्चिमी विक्षोभ

    मौसम विज्ञानियों के अनुसार, यूं कहने को नवंबर में भी कई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुए, लेकिन उनका प्रभाव न के बराबर रहा। न पहाड़ों पर खास बर्फबारी हुई और न ही मैदानी इलाकों में बरसात देखने को मिली।

    इस दृष्टि से आठ-नौ तारीख के आसपास जम्मू-कश्मीर की ओर जो एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, उसके असर से उत्तर पश्चिमी हवाओं के साथ आने वाली ठंडक दिल्ली एनसीआर सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों को भी ठिठुराएगी।

    कंपकंपाती सर्दी के आने में हो रही देरी के लिए मजबूत पश्चिमी विक्षोभों का अभाव तो बड़ा कारण है ही, जलवायु परिवर्तन का असर भी लगातार बढ़ रहा है। पिछले साल भी कड़ाके वाली ठंड की दस्तक देर से ही हुई थी। अबकी बार भी ऐसे हालात हैं। -महेश पलावत, उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन), स्काईमेट वेदर

    दिन में धूप खिलने से महसूस नहीं हो रही ठंड

    दिल्ली में न्यूनतम तापमान नौ डिग्री तक गिर जाने के बावजूद ठंड महसूस नहीं हो रही। विशेषज्ञों के मुताबिक ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि रोजाना धूप खिल रही है और अधिकतम तापमान भी सामान्य से ऊपर ही बना हुआ है। जब तक न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट ना होगी, ठंडक का एहसास नहीं हो पाएगा।

    आज कैसा रहेगा मौसम

    मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार की सुबह स्मॉग एवं मध्यम श्रेणी का कोहरा रहने के आसार हैं। रात के समय भी यही स्थिति रहेगी। दिन में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 27 और 11 डिग्री रहने की संभावना है।

    रविवार को भी सामान्य से ऊपर रहा तापमान

    मौसमी उतार चढ़ाव के बीच रविवार को भी दिल्ली का न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से एक एक डिग्री ऊपर रहा। न्यूनतम 11.4 व अधिकतम 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान लोधी रोड और आयानगर का 10.2 रहा जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री पालम में रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 95 से 36 रहा।

    comedy show banner
    comedy show banner