Move to Jagran APP

Delhi: पॉलिथिन में मिले महिला के शव के टुकड़े, साथ में मिला बालों का गुच्छा; शरीर के कई अंग गायब

सराय काले खां में रैपिड मेट्रो कंस्ट्रक्शन साइट के पास एक शव मिला है। पुलिस को शव के टुकड़े मिले हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक कॉल मिली थी। जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी और फोरेंसिक टीम शव के टुकड़ों को इकट्ठा किया।

By Jagran NewsEdited By: GeetarjunSat, 18 Mar 2023 10:44 PM (IST)
Delhi: पॉलिथिन में मिले महिला के शव के टुकड़े, साथ में मिला बालों का गुच्छा; शरीर के कई अंग गायब
रैपिड मेट्रो कंस्ट्रक्शन साइट के पास मिले शव के टुकड़े, महिला है या पुरुष? पुलिस जांच में जुटी

नई दिल्ली [रजनीश कुमार पांडेय]। सनलाइट कॉलोनी थाना इलाके में एक महिला के शव के अवशेष प्लास्टिक की पालीथिन में मिले है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव बुरी तरह सड़ी-गली हालत में मिला है। मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने उसके शव अवशेष के टुकड़ों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में शव महिला का लग रहा है। आशंका है कि महिला के शव को हत्या के बाद यहां फेंका गया है। शव कितना पुराना है। अभी तक यह पता नहीं चला है।

पुलिस व फोरेंसिक टीम वारदात वाली जगह से जरूरी सुबूत जुटा कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।

पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने बताया कि शनिवार सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस को सुबह करीब 11.56 बजे रैपिड मेट्रो के निर्माणाधीन क्षेत्र में फ्लाईओवर से सटे सराय काले खां, आईएसबीटी, रिंग रोड के पास एक प्लास्टिक की पॉलिथिन में एक मानव शरीर के टुकड़े पड़े होने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को पॉलिथिन के अंदर से मानव शरीर के कुछ टुकड़े और बालों का एक गुच्छा मिला। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पॉलिथिन में से महिला के शव के कई टुकड़े गायब थे। जो टुकड़े पुलिस को मिले हैं, वह भी आधे हैं।

पुलिस को महिला के शरीर के करीब आधा दर्जन टुकड़े मिले हैं। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी पहुंच गई। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अवशेषों को आगे की कार्रवाई के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भेज दिया है और मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।