DigiLocker: कैसे डिजिलाकर में डाउनलोड करें अपनी गाड़ी के कागज, इन स्टेप्स को करें फॉलो
DigiLocker डिजिलाकर एक सरकारी एप है और अपनी आरसी को यहां पर आनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। लेकिन जिन लोगों ने कभी डिजिलाकर का इस्तेमाल नहीं किया है उनके लिए पूरे प्लेटफार्म पर नेविगेट करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है लेकिन चिंता न करें।

नई दिल्ली, फीचर डेस्क। यदि आपके पास कोई वाहन है, तो आप रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट या व्हीकल रजिस्ट्रेशन के महत्व के बारे में जानते ही होंगे। आरसी बुक प्रमाणित करती है कि आपका वाहन कानूनी रूप से आरटीओ (क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय) के साथ पंजीकृत है। इतना ही नहीं, आप पंजीकृत वाहन चला रहे हैं या नहीं, इसे साबित करने के लिए हमेशा आरसी को साथ लेकर चलना पड़ता है। कई बार ऐसा भी होता है कि आरसी की फिजिकल कापी गुम हो जाती है। अगर आरसी नहीं है, तो फिर वाहन चलाते समय मुश्किलें भी हो सकती हैं। ऐसी स्थिति में अपने स्मार्टफोन पर आरसी को आनलाइन सेव रखना एक अच्छा विचार हो सकता है।
डिजिलाकर एक सरकारी एप है और अपनी आरसी को यहां पर आनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। लेकिन जिन लोगों ने कभी डिजिलाकर का इस्तेमाल नहीं किया है, उनके लिए पूरे प्लेटफार्म पर नेविगेट करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है, लेकिन चिंता न करें। डिजिलाकर में अपनी आरसी को सेव करने के लिए इन आसान तरीकों को आजमा सकते हैं।
डिजिलाकर कैसे बनाएं एकाउंट
वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र या आरसी बुक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसमें वाहन पंजीकरण नंबर, मालिक का नाम और पता, पंजीकरण की तारीख, इंजन नंबर और भी बहुत कुछ होता है। इसलिए जब भी वाहन चलाते हैं, तो इस महत्वपूर्ण दस्तावेज को साथ रखना पड़ता है। मगर डिजिलाकर इस प्रक्रिया को आसान बनाता है, क्योंकि आप यहां पर आसानी से अपनी आरसी बुक की सेव की हुई कापी रख सकते हैं। डिजिलाकर में जाने से पहले सुनिश्चित करें कि आपके पास आधार कार्ड हो। साथ ही, आधार कार्ड से फोन नंबर का जुड़ा हुआ होना भी जरूरी है। इसके अतिरिक्त, आरसी बुक तक पहुंचने के लिए वाहन पंजीकरण संख्या और चेसिस नंबर की भी आवश्यकता होगी। इन दोनों को अपनी फिजिकल आरसी बुक में पा सकते हैं। यदि आपने कभी डिजिलाकर पर खाता नहीं बनाया है, तो आपको सबसे पहले एक खाता बनाना होगा।
- सबसे पहले डिजिलाकर के होम पेज या एप पर जाएं।
- आपको होम पेज के टाप पर साइनअप का विकल्प दिखाई देगा। इस पर टैप करने पर आपको अपना पूरा नाम, आधार के अनुसार जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, आधार कार्ड नंबर, ईमेल एड्रेस और एक सिक्योरिटी पिन डालना होगा।
- फिर जानकारी को सबमिट करना होगा। इसके बाद आपका डिजिलाकर खाता तैयार हो जाएगा।
डिजिलाकर से कैसे डाउनलोड करें आरसी
- सबसे पहले आधार कार्ड / फोन नंबर और सिक्योरिटी पिन का उपयोग करके अपने डिजिलाकर खाते में साइन इन करें।
- होम पेज पर इश्यूड डाक्यूमेंट टैब पर क्लिक करें। इसके बाद आप गेट मोर इश्यूड डाक्यूमेंट पर जाएं।
- यहां आपको सरकारी विभागों की लिस्ट दिखाई देगी। सड़क और परिवहन मंत्रालय का चयन करें।
- इसके बाद रजिस्ट्रेशन आफ व्हीकल्स पर क्लिक करें।
- अगले पेज में आपसे अपना व्हीकल रजिस्ट्रेशन नंबर और चेसिस नंबर डालने को कहा जाएगा।
- जानकारी सबमिट करने के बाद आपको गेट डाक्यूमेंट का आप्शन दिखाई देगा। इस पर क्लिक करें।
- अब जारी किए गए दस्तावेजों वाले विकल्प पर वापस आएं और आरसी बुक डाउनलोड के लिए तैयार दिखेगा।
- इसे डाउनलोड करने के लिए कई फाइल फार्मेट होंगे। बेहतर होगा कि पीडीएफ प्रारूप का चयन करें, क्योंकि दस्तावेजों की बात करें, तो यह सबसे बेहतर प्रारूप माना जाता है। अब आपके पास अपनी आरसी आनलाइन है। इसका उपयोग आसानी से कर सकते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।