विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 31, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Rains: बारिश से फिर डूबा ओल्ड राजेंद्र नगर, छात्रों का धरना जारी; सड़कों पर लंबा जाम, 10 फ्लाइट्स भी डाइवर्ट

By Geetarjun Edited By: Geetarjun
Published: Wed, 31 Jul 2024 09:33 PM (IST)Updated: Wed, 31 Jul 2024 10:41 PM (IST)

Delhi Rains Waterlogging राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तेज बारिश ने स्थिति असामान्य कर दी है। शाम से शुरू हुई वर्षा ...और पढ़ें

दिल्ली में बारिश से जगह-जगह जलभराव से बढ़ी परेशानी।
दिल्ली में बारिश से जगह-जगह जलभराव से बढ़ी परेशानी।

HighLights

  1. दिल्ली में तेज बारिश से कई जगहों पर जलभराव, लगा लंबा जाम।
  2. ओल्ड राजेंद्र नगर बारिश से फिर डूबा।
  3. दिल्ली में सड़कें लबालब, वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार शाम को फिर से तेज बारिश शुरू हो गई। दिल्ली में जगह-जगह जलभराव हो गया है। वहीं, ओल्ड राजेंद्र नगर फिर से डूब गया है। यहीं पर कोचिंग सेंटर में डूबकर तीन छात्रों की मौत हुई थी। बारिश के बीच छात्रों का धरना जारी है। दिल्ली में जलभराव से कई इलाकों में लंबा जाम भी लगा है। तेज बारिश के कारण 10 फ्लाइट्स भी डाइवर्ट हुई हैं।

बारिश इतनी तेज है कि नए संसद भवन में भी जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है। संसद के मकर द्वार के सामने जलभराव हो गया है। मोती बाग फ्लाईओवर पर बारिश के कारण लंबा जाम लगा हुआ है।

एलजी ने दिए निर्देश

उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने एक्स पर पोस्ट किया, दिल्ली में जारी भारी बारिश के मद्देनजर सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के लिए आगाह किया गया है। आम लोगों को कम से कम असुविधा सुनिश्चित करने के अलावा, उन्हें कोचिंग सेंटरों सहित जलभराव की संभावना वाले स्थानों पर विशेष रूप से समस्याओं का समाधान करने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में बुधवार को दिन में उमस भरी गर्मी रही, लेकिन शाम होते-होते तज बारिश शुरू हो गई। बारिश दिल्ली में लगातार जारी है। इससे दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव हो गया है। ओल्ड राजेंद्र नगर के राव कोचिंग सेंटर में पानी फिर से घुस गया है। यह वहीं कोचिंग सेंटर है, जहां बेसमेंट में पानी भरने से तीन छात्रों की मौत हो गई।

एक घंटे में 112.5 मिमी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य दिल्ली के प्रगति मैदान में एक घंटे में 112.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिल्ली में कई रिहायशी इलाकों में बारिश से जलभराव हो गया है। दिल्ली के जनपथ रोड पर भी जलाभराव हो गया है।

दिल्ली के कई इलाके ऐसे हैं, जहां कमर तक पानी भरा हुआ है। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भी बारिश के कारण कई किमी लंबा जाम लगा हुआ है। 

मानसिंह रोड पर जलभराव

संगम विहार में जलभराव हो गया है। टीगरी रोड पर जलभराव है। गफ्फार मार्केट में दुकानों के अंदर बारिश का पानी घुस गया है। एम्स के पास भी जलभराव की स्थिति है। मिंटो रोड पर भी पानी भरा हुआ है।

एनसीआर के शहरों में जलभराव

दिल्ली के सहित एनसीआर के गुरुग्राम, गाजियाबाद, फरीदाबाद, नोएडा सहित आसपास के शहरों में तेज बारिश जारी है। गुरुग्राम में जलभराव से स्थिति खराब हो गई है। कई किमी तक सड़कों पर जाम है। सड़के लबालब भरी हुई हैं। लोग बाइक लेकर पैदल निकल रहे हैं।

नोएडा में भी सड़कों पर जलभराव है। तेज बारिश के बाद लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कों पर ट्रैफिक जाम है।

दो दिन बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार के लिए तेज बारिश की संभावना जताई है। IMD ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से उमस भरी गर्मी पड़ रही थी, लेकिन बुधवार शाम से अचानक मौसम बदल गया।