हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा- कार्यालयों पर खर्च का हिसाब भाजपा से लेगी जनता
अशोक तंवर ने दिल्ली में होने वाली 29 अप्रैल की जनाक्रोश रैली को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। ...और पढ़ें

सोनीपत (जेएनएन)। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस ने 70 साल में अपने कार्यालयों पर इतना पैसा नहीं लगाया जितना भाजपा एक ही बार में अपने कार्यालयों पर खर्च रही है। इन कार्यालयों पर भाजपाई नोटबंदी से पहले और ग्रेस पीरियड के दौरान कमाए गए काले धन को खर्च रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने कार्यालय की नींव नहीं रखी है, बल्कि अपने लिए कब्र खोदी है। आने वाले समय में जनता इसका हिसाब लेगी। वह मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
इसके बाद उन्होंने सोनीपत के अलावा पानीपत व करनाल के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी और दिल्ली में होने वाली 29 अप्रैल की जनाक्रोश रैली को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 29 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित जनाक्रोश रैली ऐतिहासिक होगी और यह भाजपा सरकार के ताबूत में आखिरी कील ठोंकने का काम करेगी। रैली में हरियाणा से 50 हजार से ज्यादा लोग पहुंचेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली की तैयारी में भी गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेसी हैं और रैली को लेकर ही बैठक कर रहे हैं। सभी बड़े नेताओं का एक जगह इकट्ठा होकर बैठक करने से समय की बर्बादी होगी और अब समय नहीं बचा है। सभी लोग एक होकर रैली के लिए ही लगे हुए हैं।
इनेलो-बसपा गठबंधन से प्रदेश की राजनीति पर पड़ने वाले असर के संबंध में पूछने पर डॉ. तंवर ने कहा कि दोनों पार्टियों का पहले ही नाश हो चुका है और अब यह गठबंधन उनका सत्यानाश कर देगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।