गूगल मैप दिखाएगा दक्षिणी दिल्ली निगम के पब्लिक टायलेट की लोकेशन, लोगों को मिलेगी राहत
Public Toilets in Delhi दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के सेंट्रल जोन में जितने भी पब्लिक टायलेट या यूरिनल हैं उन्हें अब ढूंढ़ने में लोगों को परेशानी नहीं होगी। सभी टायलेट का डाटा अब गूगल मैप पर अपलोड कर दिया जाएगा।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के सेंट्रल जोन में जितने भी पब्लिक टायलेट या यूरिनल हैं उन्हें अब ढूंढ़ने में लोगों को परेशानी नहीं होगी। सभी टायलेट का डाटा अब गूगल मैप पर अपलोड कर दिया जाएगा। सेंट्रल जोन के चेयरमैन राजपाल ¨सह ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर इस काम को पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा टायलेट की सफाई की मानिटरिंग भी की जाएगी।
सेंट्रल जोन के चेयरमैन राजपाल सिंह का कहना है कि जोन के अलग-अलग विभागों में कार्यरत सभी अफसरों और कर्मचारियों को एक-एक या दो-दो टायलेट सौंपे जाएंगे। उन टायलेट की मेंटिनेंस और सफाई व्यवस्थाओं को बनाए रखने की जिम्मेदारी भी उन्हीं अधिकारियों की होगी। यदि टायलेट गंदे मिलने की शिकायत पाई जाएगी तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि सेंट्रल जोन में सफाई व्यवस्थाओं को बेहतर करने के प्रयास नए सिरे से किए जा रहे हैं।
स्वच्छता योद्धाओं के बिना नगर निगम अधूरा: राजा इकबाल सिंह
वहीं, उत्तरी नगर निगम के महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि स्वच्छता योद्धाओं के बिना नगर निगम अधूरा है। सभी सफाई कर्मचारी सम्मान के पात्र हैं, क्योंकि सफाई कर्मचारी दिन-रात नागरिकों की सेवा करते हैं और अपनी जिम्मेदारी को अच्छे से निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी जानते हैं कि निगम के सफाई कर्मचारी सुबह हमारे उठने से पहले ही अपने-अपने कार्य में लग जाते हैं। ये वही लोग हैं जिनकी वजह से हमें अपनी गलियां और सड़कें साफ मिलती हैं।
उन्होंने कहा कि दीपावली विनम्रता और करुणा का त्योहार है। इस त्योहार पर हम सब मिलकर एक दूसरे के साथ खुशियां बांटते हैं। सफाई कर्मचारी निगम परिवार के अहम सदस्य हैं। इसलिए हमने इस वर्ष दीपावली के त्योहार को सफाई कर्मचारियों के साथ मनाने का निश्चय किया है। महापौर ने सफाई कर्मचारियों का पैर धोकर उन्हें सम्मानित भी किया। इस अवसर पर पूर्व महापौर अवतार सिंह समेत अन्य विशिष्ट लोग उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।