छात्राओं का पसंदीदा कॉलेज 'दौलत राम कॉलेज', जानें क्या हैं सुविधाएं
दिल्ली में नामी महिला कॉलेज दौलत राम छात्राओं की पसंदीदा कॉलेज है। यहां के समृद्ध आधारभूत ढांचे व अन्य फैसिलीटीज को देखते हुए नैक ने कॉलेज को शीर्ष ग्रेडिंग दे रखी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। दौलत राम कॉलेज छात्राओं का पसंदीदा कॉलेज है। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) से संबद्ध दौलतराम कॉलेज देश के नामी महिला कॉलेजों की सूची में आता है। वहीं, दौलत राम कॉलेज के समृद्ध आधारभूत ढांचे, अकादमिक श्रेष्ठता और उत्कृष्ट फैकल्टी को देखते हुए राष्ट्रीय मूल्यांकन व प्रत्यायन परिषद् (नैक) ने कॉलेज को शीर्ष ग्रेडिंग दे रखी है।
कॉलेज का इतिहास
कॉलेज के इतिहास की बात करें तो दौलत राम कॉलेज की स्थापना 1960 में तिलक मार्ग पर हुई थी। उस समय कॉलेज को प्रमिला कॉलेज के नाम से जाना जाता था। इसके बाद वर्ष 1964 में कॉलेज को डीयू नार्थ कैंपस में अन्य कॉलेजों के साथ स्थानांतरित किया गया। जिसके बाद से कॉलेज का नाम प्रमुख शिक्षाविद दौलत राम के नाम पर रखा गया। खास बात यह भी है कि कॉलेज को भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के बॉयोटेक्नोलॉजी विभाग से स्टार कॉलेज की पद्वी मिल चुकी है।
1974 में शुरू हुई हॉस्टल की सुविधा
कॉलेज में हॉस्टल की सुविधा वर्ष 1974 में शुरू हुई थी। जिसमें 200 छात्राएं रह सकती हैं। हॉस्टल परिसर के बीच में एक सुंदर बगीचा भी है जो हॉस्टल की शान बढ़ाता है। दौलत राम कॉलेज के हॉस्टल को डीयू के अन्य कॉलेजों की प्रतिस्पर्धा के बीच अच्छे वातावरण वाले हॉस्टल का अवार्ड भी मिला हुआ है।
समृद्ध है कॉलेज की प्रयोगशाला
कॉलेज की प्रयोगशाला को बहुत ही समृद्ध माना जाता है। दौलत राम कॉलेज की कक्षाओं में एलसीडी प्रोजेक्टर भी लगे हुए हैं। इसके साथ ही कॉलेज का अपना प्लेसमेंट सेल भी है। जो अकादमिक गतिविधियां पूरा होने के बाद छात्र-छात्राओं को रोजगार के अवसर तलाशने में मदद करता है। इसके लिए बड़ी कंपनियों को यहां बुलाया जाता है।
प्रिंसिपल की बात
कॉलेज की प्रिंसिपल सविता रॉय ने कहा, 'कॉलेज एनआरआइएफ की टॉप 50 रैंकिंग में शामिल है। इसी के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में हर साल कॉलेज से कई गोल्ड मेडलिस्ट निकलते हैं।' उन्होंने आगे बताया कि यदि प्लेसमेंट की बात करें तो कॉलेज में गत वर्ष 25-30 कंपनियां आई थीं। इस दौरान अंतिम वर्ष की 400 से अधिक छात्राओं को इंटर्नशिप के साथ ही नौकरी भी मिली थी।
ये हैं यहां के पाठ्यक्रम
बीए ऑनर्स, बीकॉम ऑनर्स, बीएससी ऑनर्स, बीएससी लाइफ साइंस, बीएससी ऑनर्स बॉटनी, बीएससी ऑनर्स केमिस्ट्री, बीएससी ऑनर्स मैथमेटिक्स, बीएससी ऑनर्स जूलॉजी पाठ्यक्रम कॉलेज में संचालित किये जाते हैं। इसके साथ ही अंग्रेजी, म्यूजिक, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, दर्शनशास्त्र, इतिहास, गणित, हिंदी, मनोविज्ञान पाठ्यक्रम भी कॉलेज में हैं। विभाग की बात करें तो कॉलेज में कुल मिलाकर 19 विभाग हैं।
अनेकों गतिविधियों के हैं अवसर
दौलत राम कॉलेज में छात्राओं को अकादमिक गतिविधियों के साथ - साथ अन्य गतिविधियों में बेहतर करने का अवसर प्रदान किया जाता है। साथ ही कॉलेजों में कई सोसायटी भी सक्रिय हैं। जो समय-समय पर कई तरह के कार्यक्रम संचालित करती हैं।
यहां के पुस्तकालय में लाख से अधिक पुस्तकें
कॉलेज के पुस्तकालय में एक लाख से अधिक पुस्तके हैं। वहीं, पुस्तकालय में वाई - फाई की भी सुविधा उपलब्ध है।
बिनीता ठाकुर (आइपीएस) विभा धवन (वीसी, टाटा एनर्जी रिसर्च इंस्टीट्यूट) अनीता भटनागर (आइएएस), दीप्ति भल्ला (सचिव, साहित्य कला परिषद्) व डॉ. विजय लक्ष्मी पंडित (प्रिंसिपल, राजधानी कॉलेज)।
कॉलेज की वेबसाइट व फोन नंबर: www.dr.du.ac.in फोन : 27667863
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।