Delhi Crime: पूर्व कांस्टेबल ने महिला के घर में घुसकर की लूट, मां-बेटे को मारने के लिए खुला छोड़ा गैस सिलेंडर
Delhi Crime News आरोपित ने गहने व मोबाइल लूटने के बाद उसने रसोई में रखे गैस सिलेंडर को खोल दिया और बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गया। महिला की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने दरवाजा खोला पूरे घर में गैस भरी हुई थी।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में सीआइएसएफ के पूर्व कांस्टेबल ने घर में घुसकर एक महिला से लूटपाट की। महिला के विरोध करने पर आरोपित ने महिला और उसके बच्चे को पीट दिया। गहने व मोबाइल लूट लिया। मां-बेटे को मारने के लिए आरोपित ने गैस सिलेंडर को खोल दिया और बाहर से घर के दरवाजे की कुंडी लगाकर फरार हो गया।
शोर होने पर पड़ोसियों ने घर कर दरवाजा खोला, मां-बेटे दोनों बेहोश पड़े हुए थे। दोनों को एलबीएस अस्पताल में भर्ती करवाया गया। महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने लूट, हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत की। आरोपित संदीप को बुराड़ी के संत नगर स्थित हिमगिरी कालोनी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित, पीड़ित महिला का दूर का रिश्तेदार है।
लूट का विरोध किया तो बच्चे को पीटा
पीड़ित कुसुमलता अपने परिवार के साथ मंडावली में रहती है। परिवार में पति व एक बेटा है। बृहस्पतिवार को दिन में महिला अपने बच्चे के साथ घर में मौजूद थी। तभी संदीप घर में घुसा और जान से मारने की धमकी देकर घर में लूटपाट करने लगा। महिला ने विरोध किया तो आरोपित ने उसे और उसके बच्चे को पीट दिया। गहने व मोबाइल लूटने के बाद उसने रसोई में रखे गैस सिलेंडर को खोल दिया और बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गया। महिला की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने दरवाजा खोला, पूरे घर में गैस भरी हुई थी।
आरोपित हिमगिरी कालोनी से गिरफ्तार
पड़ोसियों ने महिला और उसके बच्चे को अस्पताल में भर्ती करवाया और महिला के पति को सूचना दी। पति ने अस्पताल पहुंचकर पुलिस को फोन कर वारदात के बारे में बताया। पुलिस ने टेक्नीकल सर्विलांस के जरिये आरोपित हिमगिरी कालोनी में गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस को लूट का सामान भी बरामद हो गया है। आरोपित ने रंजिश में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस को जांच में पता चला कि संदीप को कोर्ट मार्शल के बाद सीआइएसएफ से निकाल दिया गया था।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।