Delhi News: जीटी करनाल हाईवे के फ्लाईओवर का हिस्सा धंसा, गड्ढे में फंसकर ऑटो चालक चोटिल
दिल्ली के जीटी करनाल रोड पर अलीपुर के पास एक फ्लाईओवर का हिस्सा धंस गया जिससे बड़ा गड्ढा हो गया। एक ऑटो रिक्शा चालक घायल हो गया। पुलिस ने फ्लाईओवर पर यातायात रोक दिया जिससे राजमार्ग पर जाम लग गया। लोग फ्लाईओवर निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं। जांच जारी है और फ्लाईओवर की एक लेन बंद कर दी गई है।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। जीटी करनाल रोड (राष्ट्रीय राजमार्ग-44) पर अलीपुर के पास बृहस्पतिवार सुबह फ्लाईओवर का हिस्सा धंस गया है। इस वजह से फ्लाईओवर की एक लेन के बीचों-बीच लगभग छह फीट गहरा गड्ढा बन गया। इस गड्ढे में गिरने से एक ऑटो रिक्शा चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन इस क्रम में ऑटो रिक्शा पलट गया और चालक चोटिल हो गया।
इस घटना के बाद पुलिस ने फ्लाईओवर पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है और यातायात को डायवर्ट कर सर्विस लेन से वाहनों को रास्ता दिया गया है। फ्लाईओवर की एक लेन बंद होने से हाईवे पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। हाईवे पर छह फीट गहरा गड्ढा होने के बाद लोग फ्लाईओवर बनाने की तकनीक व निर्माण सामग्री पर सवाल उठा रहे हैं।
यह वाक्या बृहस्पतिवार सुबह साढ़े पांच बजे का बताया जा रहा है। जीटी करनाल रोड पर अलीपुर के नजदीक फ्लाईओवर का हिस्सा उस समय अचानक हिस्सा धंस गया, जब यातायात चल रहा था। इस घटना में घायल हुए ऑटो रिक्शा चालक उमेश कुमार ने बताया कि वह मुकरबा चौक से सिंघु की ओर जा रहा था, इसी दौरान फ्लाईओवर (बंकू की रसोई के पास) पर अचानक सड़क दरक गई और उनकी आंखों के सामने बड़ा सा गड्ढा बन गया।
गड्ढे से बचने के प्रयास में ऑटो रिक्शा पलट गया और उसके चेहरे व हाथ में चोट आईं। गनीमत रही कि वह गड्ढे में गिरने से बच गया। गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के लोनी में रहने वाले उमेश कुमार को नरेला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें मरहम-पट्टी के बाद छुट्टी दे दी गई।
बीच सड़क तीन-चार फीट चौड़े और 6-7 फीट गहरे गड्ढे के बाद फ्लाईओवर को यातायात के लिए बंद कर दिया गया। वाहनों को सर्विस लेन से निकाला गया। लेकिन, इसके बावजूद हाईवे पर दिनभर की स्थिति बनी रही। वाहन रेंग-रेंग कर चले।
अचानक हाईवे का हिस्सा धंसने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया, लेकिन माना जा रहा है कि लोग फ्लाईओवर निर्माण व निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि रोड पर दरार व छोटे गड्ढा में लगातार वर्षा का पानी जमा होने के कारण फ्लाईओवर का हिस्सा धंसा।
अगर समय रहते मरम्मत कार्य किया होता तो इस घटना से बचा जा सकता था। एनएचएआइ के परियोजना निदेशक जग भूषण शर्मा ने बताया कि फ्लाईओवर का हिस्सा धंसने के कारण की जांच की जा रही है। रोड मरम्मत होने तक फ्लाईओवर की एक लेन को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
फ्लाईओवर से पांच किलोमीटर दूरी पर फुटपाथ धंसा
लिबासपुर के पास जीटी करनाल रोड पर बृहस्पतिवार को फुटपाथ का कुछ हिस्सा भी धंस गया। सिंघु से मुकरबा चौक की ओर जाते समय हाईवे पर फुटपाथ का 10-15 फीट का हिस्सा धंस गया। इस हिस्से को इस्तेमाल के लिए बंद कर दिया गया है। लगातार वर्षा के कारण फुटपाथ के धंसने की बात कही जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।