दिल्लीः घायल शख्स के लिए फरिश्ता बने बीसीसीआइ के अंपायर अनिल चौधरी, दुआएं दे रहा परिवार
भारतीय क्रिकेट कंट्राेल बाेर्ड (बीसीसीआइ) के एक अंपायर एक घायल शख्स के लिए फरिश्ता साबित हुए। मोटरसाइकिल सवार युवक सीलमपुर में सड़क हादसे में बुरी तरह घायल हो गए थे। खून से लथपथ शख्स को सड़क पर कई लोगों ने देखा लेकिन सब चलते बने।

नई दिल्ली [शुजाउद्दीन]। भारतीय क्रिकेट कंट्राेल बाेर्ड (बीसीसीआइ) के एक अंपायर एक घायल शख्स के लिए फरिश्ता साबित हुए। मोटरसाइकिल सवार युवक सीलमपुर में सड़क हादसे में बुरी तरह घायल हो गए थे। खून से लथपथ शख्स को सड़क पर कई लोगों ने देखा लेकिन सब चलते बने। तभी वहां अंपायर अनिल चौधरी पहुुंचे। बिना देरी किए घायल को अपनी कार में बैठाया और जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे। समय पर अस्पताल पहुंचने से घायल नितिन सोनी की जान बच गई। इलाज के बाद काफी हद तक नितिन सोनी ठीक हो चुके हैं। अनिल चाैधरी बुधवार को उनसे मिलने के लिए उनके मोरी गेट स्थित घर पहुंचे। जीवनदान देने पर परिवार ने अंपायर को दुआएं दीं।
दरअसल ढाई महीने पहले नितिन किसी काम से मोटरसाइकिल से सीलमपुर आए थे। सीलमपुर फ्लाईओवर के पास सड़क हादसे में वह बुरी तरह से घायल हाे गए थे। उस वक्त उन्होंने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। नवीन शाहदरा में रहने वाले अंपायर अनिल चौधरी कनाट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर से दर्शन करके अपनी कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने नितिन को गंभीर हालत में देखा, उन्होंने लोगों से कहा कि घायल को अस्पताल पहुंचाते हैं। लोग मदद करने के बजाय वहां से चले गए। उन्होंने किसी तरह से घायल को अपनी कार में बैठाया और जीटीबी अस्पताल में भर्ती करा दिया। नितिन के परिवार में तीन छोटे बच्चे व पत्नी हैं। उनका खाेये का कारोबार है। घर में इकलौते कमाने वाले हैं।
वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहने
अनिल चौधरी ने कहा कि जीवन बहुत कीमती होता है, बहुत से लोग बिना हेलमेट के वाहन चलाते हैं। ऐसा करके वह अपनी जान को दांव पर लगाते हैं। भले ही कुछ दूर जाना हो लेकिन हेलमेट जरूर लगाया करें। उन्होंने नितिन से भी कहा कि वह अब हेलमेट लगाकर ही वाहन चलाएं।
घायलाें की मदद के लिए रहना चाहिए तैयार
अनिल चौधरी ने कहा कि नितिन की मदद के लिए कोई आगे नहीं आया था। अगर वह उन्हें समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाते तो उनकी जान भी जा सकती थी। उनकी एक छोटी सी कोशिश से किसी की जिंदगी बच गई। सभी लोगों को घायलों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।