पूर्वी दिल्ली की फैक्ट्री में मरम्मत के दौरान छत गिरने से एक कामगार की मौत, एक अन्य घायल
पूर्वी दिल्ली के गढ़ी मेंडू गांव में एक फैक्ट्री की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मरम्मत के दौरान छत गिरने से दो मजदूर दब गए जिनमें से एक की मौत हो गई। दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फैक्ट्री में लोहे के स्टैंड बनाने का काम चल रहा था।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। गढ़ी मेंडू गांव में शुक्रवार शाम मरम्मत के दौरान एक फैक्ट्री की छत गिर गई। इस हादसे में दो कामगार मलबे में दब गए। दोनों को मलबे से निकालकर सिविल लाइंस स्थित निजी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।
वहां इलाज के दौरान शनिवार अकरम की मौत हो गई, जोकि उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला था। जबकि घायल ताजिम उपचाराधीन है। न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने फैक्ट्री व मकान मालिक मालिक के खिलाफ लापरवाही के आरोप में प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे सूचना मिली कि गढ़ी मेंडू गांव में एक फैक्ट्री की छत गिर गई है। उसमें कुछ लोग दब गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
तब तक लोग घायलों को लेकर अस्पताल जा चुके थे। जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में दुकानों के लिए लोहे के स्टैंड बनाने का काम होता था। उसकी छत जर्जर थी। फैक्ट्री संचालक पटिया व गार्डर की बनी छत की मरम्मत करा रहा था। छत के नीचे ताजिम और अकरम उसकी मरम्मत करने में जुटे थे। इसी दौरान छत गिर गई। दोनों उसके नीचे दब गए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।