Happy Birthday Khesari Lal Yadav: दिल्ली में लिट्टी चोखा बेचने वाले एक आम आदमी के भोजपुरी के सुपर स्टार बनने की कहानी
Khesari Lal Yadav Birthday खेसारी लाल यादव एक फिल्म के लिए 50 लाख रुपये तक लेते हैं तो स्टेज शो के लिए 15 लाख रुपये तक। भोजपुरी गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव को पहली सफलता अपने भोजपुरी एल्बम माल भेटाई मेला से मिली। इसके बाद सिलसिला जारी है।

नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। कभी पाई-पाई के मोहताज और रोजी-रोटी के लिए मजदूरी तक करने वाले भोजपुरी के सुपर स्टार खेसारी लाल यादव आज किसी पहचान के मोहताज नहीं है। बिहार और उत्तर प्रदेश के साथ विदेशों में भी उनके लाखों फैंस हैं, जो न केवल उनकी एक्टिंग को पसंद करते हैं, बल्कि सिंगिंग को भी सराहते हैं। पेट पालने के लिए बिहार में मजदूरी और फिर दक्षिण दिल्ली में सड़क किनारे लिट्टी-चोखा बनाकर परिवार का गुजारा करने वाले खेसारी लाल यादव ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि एक दिन वह अपने एक शो के लिए लाखों और फिल्म में अभिनय के लिए 50 लाख तक वसूलने वाले एक्टर बन जाएंगे। भोजपुरी के स्टार एक्टर-सिंगर खेसारी लाल यादव का 15 मार्च को जन्मदिन है, लेकिन उनको जन्मदिन की बधाई एक दिन पहले से ही मिलने शुरू हो गई।
गरीब परिवार से रहा ताल्लुक, अपनी मेहनत से बनाया भोजपुरी इंडस्ट्री में मुकाम
बिहार के छपरा में जन्मे खेसारी लाल यादव ने गरीबी को झेला, देखा और बेहद करीब से महसूस भी किया है। पिता मंगरू लाल यादव चने बेचकर किसी तरह परिवार पालते थे। सात बेटे और पत्नी को पालने के लिए पिता दिनरात मेहनत करते थे। यह गरीबी देखकर खेसारी लाल यादव भी दुखी हो जाते थे। पिता के हाथ मजबूत करने के लिए खेसारी लाल यादव ने मजदूरी तक की। गांव में आई बरात में महिला डांसर बनकर पैसे कमा लेते थे, जो परिवार के लिए बड़ा संबल था।
दिल्ली में लगाई थी लिट्टी चोखे की दुकान
बिहार में मजदूरी करने के अलावा दूध बेचने का छोटा सा कारोबार किया, लेकिन गरीबी के दिन और हालत नहीं बदले। लंबा चौड़ा कद होने के चलते फौज में उनकी सरकारी नौकरी भी लगी लेकिन मना नहीं लगा। दिल में कलाकार था, इसलिए दिल्ली में लिट्टी चोखा की दुकान खोल ली।
खेसारी लाल यादव नहीं है असली नाम
बता दें कि जिसे फिल्मी दुनिया में खेसारी लाल यादव के नाम से जाना जाता है, उसका असली नाम शत्रुघ्न कुमार यादव हैं। बावजूद इसके असली नाम कोई नहीं जानता, उन्हें लाखों फैंस खेसारी लाल यादव के नाम से जानते हैं।
खेसारी लाल यादव को पहली सफलता अपने भोजपुरी एल्बम 'माल भेटाई मेला से' हासिल हुई। साल 2012 में आई अपनी पहली फिल्म 'साजन चले ससुराल' से वो भोजपुरी फिल्म जगत के स्टार बन गए। वे अपनी गायकी में ठेठ देहाती भाषा का उपयोग करते हैं। उन्होंने अपनी ज्यादातर फिल्मों में गीतों को खुद अपनी आवाज दी है।
यह भी जानें
- भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव 12 से 15 करोड़ रुपये की जायदाद के मालिक हैं।
- खेसारी लाल यादव का असली नाम शत्रुघ्न कुमार यादव है।
- भोजपुरी फिल्मों में आने से पहले खेसारी लाल यादव भैंस का दूध और लिट्टी बेचा करते थे, इसका खुलासा उन्होंने खुद 'द कपिल शर्मा शो' में किया है।
- अभाव, गरीबी और परिवार के हालात ने खेसारी लाल को बहुत कम उम्र में बड़ा संघर्ष करना पड़ा। ऐसे हालात में वह सिर्फ 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई ही कर पाए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।