Delhi: धड़ल्ले से चल रही जींस रंगाई की आठ अवैध फैक्ट्रियां, सील करने के बाद अब केस दर्ज करने की तैयारी
यमुनापार में जींस रंगाई फैक्ट्रियों की संचालन धड़ल्ले से हो रहा है। निगम के शाहदरा उत्तरी जोन के उपायुक्त संजीव कुमार मिश्रा ने बृहस्पतिवार को पार्षद सोनी अनुपम पांडे व अपनी टीम के साथ सोनिया विहार के निरीक्षण में पाया कि वहां जींस रंगाई की अवैध फैक्ट्रियां चल रही हैं।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। यमुनापार में जींस रंगाई फैक्ट्रियों की संचालन धड़ल्ले से हो रहा है। निगम के शाहदरा उत्तरी जोन के उपायुक्त संजीव कुमार मिश्रा ने बृहस्पतिवार को पार्षद सोनी अनुपम पांडे व अपनी टीम के साथ सोनिया विहार के निरीक्षण में पाया कि वहां जींस रंगाई की अवैध फैक्ट्रियां चल रही हैं।
इस इलाके में तत्काल सर्वे कराया गया तो रंगाई का काम करने वाली आठ अवैध फैक्ट्रियां संचालित पाई गईं, जिन्हें सील कराया गया है। इनमें से दो फैक्ट्रियां पहले लगी सील हटाकर संचालित हो रही थीं। इनके संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी भी कराई जाएगी।
इस क्षेत्र में पहले भी जींस रंगाई की फैक्ट्रियों पर कार्रवाई की गई थी। उपायुक्त ने निरीक्षण में पाया कि नालियों में अब भी नीला पानी बह रहा है, जोकि जींस रंगाई फिर से शुरू होने का संकेत हैं। इसपर उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षेत्र में सर्वे कर संचालित हो रहीं जींस की फैक्ट्रियों को चिह्नित किया जाए।
उसके तत्काल बाद उन पर कार्रवाई की जाए। इस निर्देश पर निगम अधिकारियों ने टीम ने के साथ क्षेत्र में ऐसी फैक्ट्रियों को चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया। टीम ने पाया कि बृहस्पतिवार शाम को आठ फैक्ट्रियों पर सील लगा दी। इस दौरान सहायक आयुक्त गौरीशंकर शर्मा भी मौजूद रहे।
डेरियां भी सील
सोनिया विहार में अवैध रूप से चल रही दो डेरियों को भी सील किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि दो डेयरियां सील होने के बाद भी करीब दर्जन भर से ज्यादा डेरियां यहां संचालित हो रही हैं। उन पर भी जल्द कार्रवाई कराई जाएगी। इनकी वजह से नालियां और नालों के जाम होने की समस्या हो रहा है। लगातार शिकायतें मिलने के चलते क्षेत्रीय पार्षद के साथ निरीक्षण किया गया था। यहां के अलावा कबीर नगर क्षेत्र में भी एक डेरी सील की गई है, वहां से तीन भैंसे भी जब्त की गई हैं।
कूड़े से भरा मिला सर्कुलर रोड का नाला
सोनिया विहार के सर्कुलर रोड पर बना नाला गंदा मिला। उस पर कचरा ऊपर ही तैर रहा था। उपायुक्त ने इस नाले को साफ कराने का निर्देश दिया। लोगों ने बताया कि इस नाले का बहाव न होने के कारण गंदा पानी नालियों के जरिये सड़कों पर बहता रहता है। इसकी वजह से परेशानी होती है और बीमारियां होने का खतरा रहता है। इसके साथ ही लोगों ने स्ट्रीट लाइटें खराब होने की भी शिकायत की थी। इस पर इलेक्ट्रिकल विभाग के अधिकारियों को लाइटें दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया है।
क्या बोले उपायुक्त?
सोनिया विहार की नालियों का पानी नीला था। वहां सर्वे कराने पर पाया गया है कि आठ फैक्ट्रियों में जींस रंगाई का काम चल रहा है। इनको सील करा दिया गया है। शुक्रवार को इनके खिलाफ प्राथमिकी कराई जाएगी।
- संजीव कुमार मिश्रा, उपायुक्त, शाहदरा उत्तरी जोन
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।