Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    World Book Fair 2024: शनिवार से शुरू होगा 51वां विश्व पुस्तक मेला, शिक्षा मंत्री करेंगे शुभारंभ

    Updated: Thu, 08 Feb 2024 08:35 PM (IST)

    51वां विश्व पुस्तक मेले का शुभारंभ दिल्ली के भारत मंडपम में शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान करेंगे। एनबीटी के निदेशक युवराज मलिक ने ...और पढ़ें

    Hero Image
    शनिवार से शुरू होगा 51वां विश्व पुस्तक मेला

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। साहित्य प्रेमियों का इंतजार खत्म होने वाला है। 51वां विश्व पुस्तक मेला शनिवार से शुरू हो जाएगा। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) और भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आइटीपीओ) के संयुक्त तत्वावधान में मेला प्रगति मैदान के हाल नंबर एक, दो, तीन, चार व पांच में आयोजित होगा। मेले का शुभारंभ भारत मंडपम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान करेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस दौरान सऊदी अरब के राजदूत, आईटीपीओ के प्रबंध निदेशक प्रदीप सिंह खरोला, एनबीटी के अध्यक्ष प्रो. मिलिंद मराठे व निदेशक युवराज मलिक भी मौजूद रहेंगे। बृहस्पतिवार को कांस्टीटयूशन क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रो मराठे ने बताया कि यह मेला पठन पाठन की रुचि बढ़ाने का एक बड़ा माध्यम है।

    पुस्तक मेले की यह है थीम

    इस बार की थीम है - बहुभाषी भारत : एक जीवंत परंपरा। बाल मंडप के साथ - साथ थीम मंडप भी आकर्षण का केंद होगा। मेले में सभी के लिए किताबें होंगी। देश विदेश के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। एनबीटी के निदेशक युवराज मलिक ने बताया कि मेले के उदघाटन समारोह में ही राष्ट्रीय ई पुस्तकालय भी लांच किया जाएगा। पहले चरण में इस पर विजुअल बुक्स उपलब्ध होंगी, फिर चरणबद्ध तरीके से सभी किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी।

    नेत्रहीनों के लिए कुछ ब्रेल बुक्स भी लांच होंगी। उन्होंने बताया कि हाल नं. पांच आकर्षण का खास केंद्र रहेगा। यहां पर थीम मंडप में जम्मू कश्मीर का इतिहास, वर्तमान व वहां की संस्कृति बयां करती प्रदर्शनी होगी। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र की एक झांकी भी प्रदर्शित होगी। हाल नंबर चार में विदेशी मंडप होगा, तीन नंबर हाल बच्चों के लिए रहेगा। हाल नं. दो में बहुभाषी भारत की झलक मिलेगी जबकि हाल नं. एक में विज्ञान और प्रौद्योगिकी की किताबें रहेंगी।

    पुस्तक मेले में दिखेंगे भारत-सऊदी अरब के रिश्ते

    सऊदी अरब के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल्ला लतीफ ने कहा कि भारत और सऊदी अरब के रिश्ते सात दशक पुराने हैं। विश्व पुस्तक मेले में भी यह नजर आएगा। वहां का साहित्य भी उपलब्ध होगा और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सऊदी अरब के प्रमुख लेखकों से मिलने का मौका भी मिलेगा।

    मालूम हो कि मेले में एक हजार से अधिक प्रकाशक और दो हजार से अधिक बुक स्टाल होंगे। विदेशों से सऊदी अरब के अलावा यनाइटेड किंगडम, फ्रांस, स्पेन, तुर्की, इटली, रूस, ताइवान, इरान, यूनाइटेड अरब अमीरात, आस्ट्रिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल सहित 14 देश भाग ले रहे हैं। पाकिस्तान इस बार भी नहीं होगा। 45 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में आयोजित होने जा रहे इस मेले में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर भी फोकस होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम एम्फी थियेटर में होंगे।

    यह भी जानें

    मेले में स्कूली बच्चे, वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों को मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा। टिकट दर बच्चों के लिए 10 रुपये व व्यस्क के लिए 20 रुपये रखी गई है। पुस्तक प्रेमी सुबह 11 बजे से रात 8 बजे के बीच में आ सकते हैं। मेले की टिकट www.itpoonline.gov.in पर आनलाइन खरीद सकते हैं। इसके अलावा 20 मेट्रो स्टेशनों पर भी टिकट काउंटर बनाए गए हैं। मेले में प्रवेश प्रगति मैदान के गेट नं. चार, छह और 10 से मिलेगा। गेट नं. 10 पर शटल सेवा जबकि गेट नं. चार एवं आठ पर व्हील चेयर भी उपलब्ध होगी।