पूर्वी दिल्ली में ऑटो चालकों की मनमानी, नियमों का उल्लंघन जारी
पूर्वी दिल्ली में बिना परमिट और यूपी नंबर के ऑटो धड़ल्ले से चल रहे हैं जिससे यातायात नियमों का उल्लंघन हो रहा है। ऑटो चालक एक गाड़ी में दस सवारियां बैठा रहे हैं जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। आरोप है कि पुलिस को रिश्वत दी जाती है जिसके कारण कोई कार्रवाई नहीं होती। स्थानीय निवासियों ने तेज आवाज में गाने बजाने की भी शिकायत की है।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। उत्तर पूर्वी जिले में बिना परमिट और यूपी नंबर के ऑटो सड़कों पर दौड़ रहे हैं। दिल्ली की सड़कों पर शेयरिंग ऑटो चालक यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। एक ऑटो में दस सवारियां बैठाई जा रही हैं।
ऑटो चालक अपनी जान के साथ-साथ सवारियों और अन्य लोगों की जान भी खतरे में डाल रहे हैं। ऐसा नहीं है कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को इस मामले की जानकारी नहीं है। यह सब पुलिसकर्मियों की आंखों के सामने होता है, फिर भी वे कुछ नहीं करते। देश की राजधानी में यातायात नियमों का यही हाल है।
खजूरी चौक से डीएलएफ, भजनपुरा से करावल नगर और मंडोली चुंगी से प्रताप विहार तक 50 से ज्यादा बिना परमिट और यूपी नंबर के ऑटो बिना किसी रोक-टोक के दौड़ते हैं। आरोप है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर दिल्ली पुलिस को एंट्री भेज दी जाती है।
एंट्री का मतलब पुलिस को दी जाने वाली रकम है। ऑटो चालक यह एंट्री सीधे पुलिस को नहीं देते। यह एंट्री किसी बाहरी व्यक्ति को दी जाती है जो इसे पुलिस तक पहुंचा देता है। इसका नतीजा यह होता है कि नियमों का उल्लंघन करने पर भी ऑटो चालकों पर कोई कार्रवाई नहीं होती। सादतपुर में रहने वाले अजय सिंह ने बताया कि शेयरिंग ऑटो चालक तेज़ आवाज़ में गाने बजाते हैं। लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती।
भजनपुरा से करावल नगर तक शेयरिंग ऑटो हैं। एक ऑटो में तीन सवारियों के बैठने की अनुमति है। लेकिन शेयरिंग ऑटो में आठ से दस सवारियाँ बिठाई जाती हैं। ट्रैफ़िक पुलिस कुछ नहीं करती। सार्वजनिक परिवहन के साधन कम हैं, इसलिए लोगों को बैठना पड़ता है।
-अमजद अंसारी, मुस्तफ़ाबाद।
नियमों के अनुसार, दिल्ली में केवल यूपी नंबर वाले वही ऑटो चल सकते हैं, जिन्हें परिवहन विभाग परमिट बनाकर अनुमति देता है। वज़ीराबाद रोड से सेवाधाम रोड पर प्रताप विहार तक बिना परमिट के ऑटो चल रहे हैं। कोई कार्रवाई नहीं होती। वे तेज़ आवाज़ में गाना बजाते हैं।
- ईशु त्यागी, मंडोली।
दिल्ली ट्रैफ़िक पुलिस ऐसे ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई करती है। चालान काटने के साथ-साथ उन्हें ज़ब्त भी किया जाता है।
-सतीश कुमार, जिला पुलिस उपायुक्त, पूर्वी रेंज
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।