Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, व्यापक इंतजाम के लिए सक्रिय हुईं CM रेखा गुप्ता

    Updated: Tue, 02 Sep 2025 08:24 PM (IST)

    पूर्वी दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर जाने पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सक्रिय हुईं। उन्होंने बाढ़ राहत शिविरों का दौरा किया और लोगों को सरकार की मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों के लिए भोजन पानी और चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि दिल्ली में बाढ़ से निपटने की पूरी तैयारी है और स्थिति नियंत्रण में है।

    Hero Image
    पूर्वी दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर जाने पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सक्रिय हुईं। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार करते ही दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता सक्रिय हो गईं। मंगलवार को वह बाढ़ से निपटने की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचीं। सबसे पहले वह गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के किनारे बने राहत शिविरों में पहुंचीं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यहां उन्होंने शिविर में रह रहे लोगों से कहा कि यह सीएम दीदी आपको मुसीबत में नहीं देख सकती। सीएम ने एक बच्ची से प्लेट लेकर शिविरों में सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए चावल और दाल भी खाए।

    सीएम पर हमले के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस निरीक्षण में सीएम अपने पहले वाले तेवर में नजर आईं। वह बुजुर्गों के साथ चारपाई पर बैठ गईं। महिलाएं उनके पास गईं और सेल्फी लीं। सीएम ने बच्चों से भी बात की। कई बीमार लोग उनसे मिले।

    कई लोगों ने सीएम से कहा कि चावल के अलावा रोटी और सब्जी भी मिल जाए तो अच्छा रहेगा। सीएम यमुना किनारे गईं, जहां झुग्गियां यमुना के पानी में डूबी हुई थीं। यहां से वह पुराने लोहे के पुल पर पहुंचीं। यहां उन्होंने शाहदरा की जिलाधिकारी ऋषिता गुप्ता से तैयारियों को लेकर बातचीत की।

    जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को बताया कि जलस्तर 206 मीटर पहुंचते ही पुल को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया जाएगा। प्रभावित लोगों के लिए शिविर लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दावा किया कि दिल्ली में बाढ़ से निपटने की तैयारियां पूरी हैं।

    उन्होंने राहत कार्यों में लगे अधिकारियों को प्रभावित लोगों के लिए पेयजल, भोजन, चिकित्सा सुविधा और आवास की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। प्रभावित लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएँ सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में बाढ़ की स्थिति नियंत्रण में है। यमुना के पानी का प्रवाह सही दिशा में बना रहे, इसके लिए अधिकांश नालों के बैरिकेड्स बंद कर दिए गए हैं।