'दंगे के वक्त कहां थे, क्यों नहीं की लोगों की मदद', प्रियंका गांधी का अरविंद केजरीवाल से सवाल
कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी ने पूर्वी दिल्ली में जनसभा को संबोधित करते हुए आप नेता अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला। उन्होंने पूछा कि वर्ष 2020 में जब दिल्ली दंगे की आग में झुलस रही थी तब वह कहां थे। दंगे के वक्त उन्होंने पीड़ितों की मदद क्यों नहीं की। दंगे क्यों नहीं रोक पाए वह चुप क्यों रहे।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी दो दिनों में दूसरी बार यमुनापार में आई। रविवार को उन्होंने बाबरपुर व सीमापुरी में जनसभा की। सीमापुरी में उन्होंने संतोष कोली नाम की महिला को श्रद्धांजलि दी। संतोष की मौत एक सड़क हादसे में हुई थी। उनके स्वजन उनकी मौत का जिम्मेदार आप के नेताओं को मानते हैं।
प्रियंका के साथ वाल्मीकि व जाटव समाज की महिलाओं ने भी मंच साझा किया। प्रियंका ने अरविंद केजरीवाल से पूछा कि वर्ष 2020 में जिस वक्त दिल्ली दंगे की आग में झुलस रही थी तब वह कहां थे। दंगे के वक्त उन्होंने पीड़ितों की मदद क्यों नहीं की। दंगे क्यों नहीं रोक पाए, वह चुप क्याें रहे।
गांव की महिला ने राजीव गांधी को डांटा था: प्रियंका
प्रियंका गांधी ने कहा कि कि सीमापुरी में हैजा की बीमारी फैली थी। उस वक्त प्रधानमंत्री राजीव गांधी थे। वह खुद सीमापुरी पहुंचे और लोगों की मदद की थी। सड़क बनने में देरी होने पर एक गांव की महिला ने राजीव गांधी को डांटा था और प्रधानमंत्री होते हुए वह चुपचाप डांट सुन रहे थे। क्योंकि वह जानते थे, उन्हें प्रधानमंत्री बनाने वाली जनता है।
कांग्रेस के दौर में लोग सीधे पीएम से पूछते थे सवाल: प्रियंका
कांग्रेस के दौर में लोग सीधे प्रधानमंत्री से सवाल पूछते थे और उन्हें जवाब देना पड़ता था। आरोप लगाया कि मौजूदा वक्त में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कोई सवाल पूछा तो सरकार उस व्यक्ति को जेल में डाल देती है। न जाने उसके खिलाफ कितने मुकदमे दर्ज करवा दे। उन्होंने कहा इंदिरा गांधी जब प्रधानमंत्री थी, तब उन्होंने पाकिस्तान में घुसकर उसके दो टुकड़े किए थे। जनता के काम करने के लिए हिम्मत चाहिए होती है।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने झूठ का चोला पहनहर दिल्ली की मुख्यमंत्री रही शीला दीक्षित को जलील किया। दिल्ली के लोग न तो साफ हवा में सांस ले रहे हैं न ही दिल्ली सड़कें ठीक हैं। केजरीवाल ने केवल अपने प्रचार पर रकम खर्च की है।
झूठों के सरदार हैं केजरीवाल : मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिार्जुन खरगे रविवार को मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र में जनसभा करने के लिए पहुुंचे। वह दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर बरसे। उन्होंने केजरीवाल को झूठों का सरदार कहा। आरोप लगाया कि शीला दीक्षित ने जिस दिल्ली को प्यार से संवारा था, उसे केजरीवाल ने बर्बाद कर दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार मिटाने की बात कहकर सत्ता में आए थे और खुद ही भ्रष्टाचार करने लगे। वह एक तेज बहुत तेजी से फैला रहे है कि यमुना में जहर मिलाया जा रहा है। सत्ता हासिल करने के लिए वह किसी भी हद तक गिर सकते हैं। छोटी गाड़ी में चलने का दावा करने वाले केजरीवाल दस-दस गाड़ियां लेकर चल रहे हैं। दिल्ली के विकास के लिए कांग्रेस जरूरी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।