'वोटबैंक के लिए पूर्व की सरकारों ने किया नजरअंदाज', वेलकम में घटनास्थल पर पहुंचे मंत्री कपिल मिश्रा
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने जनता कालोनी में मकान गिरने की घटना पर पिछली सरकारों को अवैध निर्माणों के लिए दोषी ठहराया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को मदद का भरोसा दिया और बाबरपुर के विधायक गोपाल राय पर जिम्मेदारी से भागने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर दुख जताया और जांच रिपोर्ट मांगी है।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा शनिवार दोपहर को जनता कालोनी पहुंचे। बचावकार्य में जुटे अधिकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि गली संकरी होने की वजह से बचाव कार्य ठीक से नहीं हो पा रहा है। कोई भी मशीन हादसा स्थल तक नहीं जा पा रही है। मलबे में फंसे लोगोंं को निकालने में इस कारण समय लग रहा है।
इसके बाद मंत्री ने पीड़ित परिवार से बातचीत की और सरकार की तरफ से पूरी मदद करने का भरोसा दिया। मंत्री को जनता कालोनी में भी पांंच से छह मंजिला मकान बने दिखाई दिए। जो मजबूत नहीं बने हुए थे। मंत्री ने कहा कि वोटबैंक के लिए पूर्व की सरकारों ने अवैध निर्माणों को नजर अंदाज किया। इस कारण हादसे हो रहे हैं।
मंत्री कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया कि पहले मुस्तफाबाद और अब वेलकम में मकान गिरने की घटना यह दर्शाती हैं कि बीते दस वर्षों में वोटबैंक की राजनीति के चलते अवैध निर्माण को जानबूझकर नजरअंंदाज किया गया। इसी वजह से आज आमजन को ऐसे दर्दनाक परिणाम भुगतने पड़ रहे हैं।
आरोप लगाया कि बाबरपुर विधानसभा के स्थानीय विधायक गोपाल राय और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल इस हादसे में हुई मौतों की नैतिक जिम्मेदारी लेने से भाग नहीं सकते। मंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ इस हादसे की गहन जांच कराएगी और चाहे कोई अधिकारी हो या जनप्रतिनिधि, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुस्तफाबाद में मकान गिरने की घटना के बाद से दिल्ली मे पांच से छह मंजिला खतरनाक मकानों को खाली करवाया जा रहा है। स्थानीय विधायक गोपाल राय भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित से मिले। मंत्री कपिल मिश्रा की ओर से विधायक पर लगाए गए आरोप के बारे में जब पूछा तो उन्होंने वह इस मौके पर राजनीति नहीं कर सकते। हादसा दुर्भाग्यपूर्ण है।
हादसा दुर्भाग्यपूर्ण है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर मंत्री कपिल मिश्रा को भेजा गया। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। शाहदरा जिलाधिकारी से हादसे की जांच रिपोर्ट मांगी गई है। दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग, निगम व एनडीआरएफ ने राहत बचाव कार्य चलाया। - रेखा गुप्ता, सीएम दिल्ली
जनता कालोनी में चार मंजिला मकान गिरने की यह घटना बेहद दुखद है। इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है। गली संकरी होने के कारण राहत और बचाव कार्य में दिक्कतें आई। - अरविंद केजरीवाल, पूर्व सीएम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।