Delhi Crime: कंबोडिया के ठगों ने एअर इंडिया के क्रू मेंबर से ठगे थे 3.5 लाख रुपये, मदद करने वाला गिरफ्तार
पूर्वी दिल्ली में एयर इंडिया के क्रू मेंबर से 3.5 लाख की ठगी के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है। कंबोडिया में बैठे ठगों ने टेलीग्राम के माध्यम से निवेश का लालच देकर क्रू मेंबर को ठगा था। गुरुग्राम निवासी आदित्य कुमार ठगों को बैंक खाते और सिम कार्ड मुहैया कराता था और ठगी की रकम से बिटकॉइन खरीदकर कंबोडिया भेजता था।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। एअर इंडिया कंपनी के केबिन क्रू मेंबर से निवेश के नाम पर 3.5 लाख रुपये की ठगी में सहयोग करने वाले ठग को उत्तर पूर्वी जिले के साइबर थाना ने गिरफ्तार किया है। कंबोडिया में बैठे ठगों ने क्रू मेंबर से ठगी की थी।
पकड़े गए आरोपित की पहचान गुरुग्राम के बसई एन्क्लेव निवासी आदित्य कुमार के रूप में हुई है। पुलिस काे राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर आरोपित के खिलाफ ठगी की पांच से अधिक शिकायतें मिली हैं।
पुलिस ने बताया कि न्यू उस्मानपुर निवासी करण ने 3.5 लाख रुपये की ठगी की शिकायत साइबर थाने में दी थी। पीड़ित ने बताया कि वह वह एअर इंडिया में केबिन क्रू मेंबर हैं। वह टेलीग्राम एप का इस्तेमाल करते हैं।
अज्ञात आइडी से उन्हें एक मैसेज आया। जिसमें ऑनलाइन निवेश करने पर अच्छा मुनाफा होने की बात लिखी हुई थी। पीड़ित झांसे में आ गए। पीड़ित को झांसे में लेने के लिए ठगों ने पहले उन्हें थोड़ा मुनाफा दिया। इसके बाद धीरे-धीरे करके पीड़ित से रकम ठग ली। पुलिस ने केस दर्ज किया।
थानाध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में एक टीम बनाई। टीम ने उन बैंक खातों की पड़ताल की, जिसमें रकम ट्रांसफर की गई थी। जांच करते हुए पुलिस एक खाताधारक तक पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि उसके खाते का इस्तेमाल आदित्य करता है।
पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस के जरिये गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह कंबोडिया के ठगों के संपर्क में है। कंबोडिया के ठग भारत के लोगों को टेलीग्राम समेत अन्य एप के जरिये ठगते हैं।
वह उन ठगों को कमीशन पर बैंक खाते व फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध करवाता है। ठगी की रकम से बिटकाइन खरीदकर कबोडिया भेजता है। पुलिस इसके साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।