Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    पूर्वी दिल्ली में भाजपा की तिरंगा यात्रा, पाकिस्तानी सामान का किया बहिष्कार

    By SHUZAUDDIN SHUZAUDDIN Edited By: Rajesh Kumar
    Updated: Sat, 17 May 2025 08:43 AM (IST)

    पूर्वी दिल्ली में भाजपा ने पहलगाम हमले के बाद सेना के पराक्रम का सम्मान करते हुए तिरंगा यात्रा निकाली। शाहदरा पश्चिमी और दक्षिणी दिल्ली में हुई इस यात्रा में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भारतीय सेना के समर्थन में नारे लगाए। पाकिस्तान के खिलाफ भी नारेबाजी की गई और पाकिस्तानी सामान का बहिष्कार करने की मांग की गई। यात्रा में कई गणमान्य मौजूद रहे।

    Hero Image
    सेना शौर्य के सम्मान में निकाली गई तिरंगा यात्रा। जागरण

    जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान को धूल चटाई थी। सेना के पराक्रम के सम्मान में दिल्ली प्रदेश भाजपा ने शुक्रवार को शाहदरा, पश्चिमी और दक्षिणी दिल्ली में तिरंगा यात्रा निकाली।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शाम को निकाली गई यात्रा के दौरान अचानक मौसम बदल गया और बारिश शुरू हो गई। इसके बाद भी लोगों का उत्साह देखने लायक था। लोगों के हाथों में तिरंगा और होठों पर भारतीय सेना जिंदाबाद के नारे थे। पाकिस्तान के खिलाफ भी खूब नारेबाजी हुई।

    शाहदरा जिले की ओर से कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र के लाल क्वार्टर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अनिल गुप्ता, जिला अध्यक्ष दीपक गाबा, विधायक डॉ. अनिल गोयल व संजय गोयल, जोन चेयरमैन संदीप कपूर मौजूद रहे।

    यात्रा लाल क्वार्टर से शुरू होकर घड़ौली तक निकाली गई। दुष्यंत गौतम ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा की गई कायराना हरकत को भारत बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह स्पष्ट संदेश है कि अब पाकिस्तान की किसी भी हरकत का उसी के अंदाज में जवाब दिया जाएगा।

    पश्चिमी दिल्ली में दिल्ली भाजपा के महामंत्री व सांसद कमलजीत सहरावत, पूर्व राज्यपाल जगदीश मुखी, दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव बब्बर, जिला अध्यक्ष चंद्रपाल बख्शी के नेतृत्व में यात्रा निकाली गई।

    कमलजीत सहरावत ने कहा कि आज का भारत बदल चुका है। यह नया भारत शांति चाहता है, आतंकवाद के समूल नाश के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। पाकिस्तान की परमाणु धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नरेंद्र मोदी ने अपने बयान में साफ कर दिया है कि आतंक और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते।

    दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में दिल्ली इंजीनियर एसोसिएशन की ओर से आईएनए में तिरंगा यात्रा निकाली गई। सतीश उपाध्याय ने कहा कि देश अभी भूला नहीं है कि अरविंद केजरीवाल ने 2016 में सेना से पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगकर पाकिस्तान सरकार का मनोबल बढ़ाया था और आज फिर उन्हीं अरविंद केजरीवाल की पार्टी के वरिष्ठ नेता हर दिन बयान देकर सरकार के सीजफायर स्वीकार करने पर सवाल उठा रहे हैं।

    उन्होंने कहा कि एक बार देश के सैनिकों के शौर्य का सबूत मांगने पर दिल्ली की जनता ने उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया था और अब ऐसे बयानों से वे उन्हें विपक्ष में बैठने के लायक भी नहीं छोड़ेंगे। शुक्रवार को सिटीजन फॉर नेशनल सिक्योरिटी की ओर से इंदिरा कल्याण विहार ओखला से क्राउन प्लाजा तक तिरंगा यात्रा निकाली गई।

    तिरंगा यात्रा में भाजपा दक्षिणी दिल्ली जिला अध्यक्ष राजकुमार चौटाला, जिला सह प्रभारी आदित्य झा, पूर्व विधायक एससीएल गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष रोहतास कुमार मौजूद रहे।

    पाकिस्तानी समान का बहिष्कार की मांग

    राम नगर, सुभाष रोड और अशोक बाजार मार्केट एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से गांधी नगर मार्केट में तिरंगा यात्रा निकाली। सेना की बहादुरी को सलाम किया। राम नगर मार्केट उपाध्यक्ष संजय जैन डीएल ने कहा कि व्यापारियों को पाकिस्तानी सामान का पूर्ण रूप से बहिष्कार करना चाहिए।

    व्यापारी हर मोर्चे पर सेना और सरकार का साथ देने के लिए तैयार हैं। इसमें व्यापारी श्याम सोनी, रमेश पिल्लू, नरेश सिक्का, कैलाश करनानी, प्रमोद वैघ, देशराज मल्होत्रा ​​मौजूद रहे।

    यह भी पढ़ें: 20 मई से दिल्ली ओलंपिक का आगाज, 40 से अधिक खेलों में एथलीट दिखाएंगे दमखम; इतनें जगहों पर आयोजन