DUSU Election 2025: आज थमेगा डूसू चुनाव का प्रचार अभियान, उम्मीदवारों ने झोंकी ताकत; 20 प्रत्याशी मैदान में
डूसू चुनाव (DUSU Election 2025) में चार पदों के लिए 20 उम्मीदवार मैदान में हैं। अध्यक्ष पद पर आठ उपाध्यक्ष पर तीन सचिव पर चार और संयुक्त सचिव पद पर पांच प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव में गुरुवार को वोट डाले जाएंगे जबकि परिणाम शुक्रवार को घोषित होगा।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव के लिए प्रचार अभियान बुधवार सुबह आठ बजे थम जाएगा। मंगलवार को अंतिम दिन उम्मीदवारों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दीं। रैलियां और रोड शो व डोर टू डोर कैंपेन कालेज में चलाया गया। डूसू चुनाव में चार पदों के लिए 20 उम्मीदवार मैदान में हैं।
अध्यक्ष पद पर आठ, उपाध्यक्ष पर तीन, सचिव पर चार और संयुक्त सचिव पद पर पांच प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव में गुरुवार को वोट डाले जाएंगे जबकि परिणाम शुक्रवार को घोषित होगा। प्रचार के आखिरी दिन नार्थ कैंपस के अलावा साउथ कैंपस में उम्मीदवारों ने अपनी पहुंच बनाई। एबीवीपी ने अपने घोषणापत्र में शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और महिला सशक्तीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्राथमिकता दी है।
एबीवीपी की ओर से अध्यक्ष पद के लिए आर्यन मान, उपाध्यक्ष पर गोविंद तंवर, सचिव पर कुणाल चौधरी व संयुक्त सचिव पद के लिए दीपिका झा मैदान में हैं। दूसरी ओर एनएसयूआइ ने कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा, एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी के साथ दिल्ली विश्वविद्यालय साउथ कैंपस में रोड शो किया और छात्रों से मतदान की अपील की।
एनएसयूआइ की तरफ से डूसू अध्यक्ष उम्मीदवार जोसलीन चौधरी, उपाध्यक्ष राहुल झांसला, सचिव कबीर और संयुक्त सचिव लवकुश भदाना रैली में शामिल हुए। पिछले साल हुए चुनावों में एनएसयूआइ ने सात साल बाद अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया था। संगठन संयुक्त सचिव की सीट कब्जाने में कामयाब रहा था। एबीवीपी ने उपाध्यक्ष व सचिव पद पर जीत दर्ज की थी।
2.75 लाख विद्यार्थी करेंगे वोट
डूसू चुनाव में करीब 2.75 लाख विद्यार्थी वोट करेंगे। डूसू पैनल के लिए ईवीएम और कालेज के काउंसलर के लिए वोट बैलेट पेपर से डाले जाएंगे। चुनाव के लिए 700 ईवीएम सुरक्षित रखी गई हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।