Happy Eid-ul-Adha 2020: दिल्ली के साथ एनसीआर के शहरों में भी मनाई गई बकरीद
Eid Al Adha 2020 नोएडा सेक्टर 8 स्थित जामा मस्जिद परिसर में भी बकरीद के अवसर पर लोगों ने नमाज अदा की और देश की अमन और शांति के लिए दुआ मांगी।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Eid Al Adha 2020: कोरोना काल में शनिवार को दिल्ली समेत पूरे देश में बकरीद का त्योहार मनाया गया। कोरोना वायरस संक्रमण के चलते लोगों ने मस्जिदों में शारीरिक दूरी के नियमोें का पालन करते हुए नमाज अदा की और एक दूसरे को दूर से ही बधाई। इस कड़ी में शनिवार सुबह दिल्ली की ऐतिहासिक जामा और फतेहपुरी मस्जिद में भी ईद की नमाज पढ़ी गई। इसके बाद लोगों ने ईद मनाई। नोएडा सेक्टर 8 स्थित जामा मस्जिद परिसर में भी बकरीद के अवसर पर लोगों ने नमाज अदा की और देश की अमन और शांति के लिए दुआ मांगी। इसके बाद ईद का त्योहार मनाया गया। नोएडा-ग्रेटर नोएडा के साथ गाजियाबाद, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाज और सोनीपत में भी ईद मनाई गई।
वहीं, बकरीद से एक दिन पहले पुरानी दिल्ली के अलग-अलग बाजारों में जाकर लोगों ने खरीदारी की गई थी। देर रात तक लोग बच्चों के साथ मीना बाजार, मटियामहल, दरियागंज और चितली कब्र आदि बाजारों में पहुंचे थे। बकरीद को लेकर पिछले एक सप्ताह से लगातार बाजार सजे हुए थे।
शुक्रवार को पुरानी दिल्ली के अलग-अलग बाजारों में लोग खरीदारी करने के लिए पहुंचे। दोपहर और शाम के समय बाजार गुलजार दिखे। बकरीद से पहले लोगों ने नए कपड़े व घर को सजाने का सामान खरीदा। इस दौरान महिलाओं ने ईद पर अपने सजने संवरे के लिए चूडि़यां और अन्य सामान खरीदा। परिवार के सदस्यों के साथ बाजार में पहुंचे बच्चों ने खिलौने खरीदे। दूसरी ओर दुकानदारों ने भी कोरोना से बचने के लिए शारीरिक दूरी के नियम का पालन करते हुए ग्राहकों से बातचीत और उन्हें सामान बेचे। बकरीद की खरीदारी करने पहुंचे पुरुषों ने कुर्ता पायजामा खरीदा।
उन्होंने इस दौरान अपने लिए कुर्ते से मैचिंग वाले मास्क भी खरीदे, वहीं दूसरी ओर महिलाओं ने भी जरकन वाले सूट व बुर्के अपने लिए खरीदे। बच्चों के लिए कुर्ता पायजामा और शेरवानी खरीदी। इसके अलावा लोगों ने घर में ही मीठा बनाने के लिए सेवइयां व फैनी भी खरीदी।
मुफ्ती मुकर्रम (शाही इमाम फतेहपुरी मस्जिद) का कहना है कि बकरीद के मौके पर सरकार हर साल जैसे इंतजाम करे। साथ ही देशभर के मुसलमान भी कुर्बानी के दौरान सरकार के दिशानिर्देशों का पालन करें। वहीं, अगर कोई नियमों को तोड़े तो अधिकारी उसके खिलाफ उचित कार्रवाई करें।