सोमवार को ठिठुरी दिल्ली: पहली बार सात डिग्री से नीचे आया तापमान, पहाड़ों पर बर्फबारी से और गिरेगा पारा
दिल्ली की सर्दी अब अपने रंग में आने लगी है। धीरे-धीरे ठंडक का एहसास बढ़ रहा है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार (11 दिसंबर) की सुबह जाड़े के इस सीजन की सबसे ठंडी दर्ज की गई है। मौसम विभाग की मानें तो दिन के तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिलेगी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की सर्दी अब अपने रंग में आने लगी है। धीरे-धीरे ठंडक का एहसास बढ़ रहा है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार (11 दिसंबर) की सुबह जाड़े के इस सीजन की सबसे ठंडी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग की मानें तो दिन के तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिलेगी। इससे सुबह शाम ही नहीं, दिन के समय भी ठंडक का एहसास होगा।
पहली बार न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से नीचे आया
सोमवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। एक दिन पहले रविवार को यह 8.3 डिगी सेल्सियस दर्ज हुआ था। सोमवार को यह इस सीजन में पहली बार सात डिग्री से नीचे गया। मतलब अब सोमवार की सुबह इस सीजन में अभी तक की सबसे ठंडी हो गई है।
मुंगेशपुर सबसे ठंडा इलाका रहा
दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 100 से 40 प्रतिशत दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री की दृष्टि से लोधी रोड, जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री के लिहाज से मुंगेशपुर सबसे ठंडा इलाका रहा।
मंगलवार को कैसा रहेगा तापमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय धुंध होगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 24 और छह डिग्री रहने की संभावना है। इसके बाद अगले कई दिन तक अधिकतम तापमान 23 डिग्री जबकि न्यूनतम सात डिग्री सेल्सियस रहेगा। यानी दिन के समय भी ठंड का एहसास बढ़ेगा।
सप्ताह भर रहेगा ऐसा मौसम
कमोबेश ऐसा ही मौसम सप्ताह भर बना रहेगा। शुक्रवार तक दिन का तापमान 22 से 23 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान छह डिग्री तक पहुंच जाने का अनुमान है। पहाड़ों की बर्फबारी का असर भी उत्तर पश्चिमी हवाओं के जरिये दिल्ली को ठिठुराएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।