Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Budget 2024: दिल्ली को इस साल मिलेंगे दो डबल डेकर फ्लाईओवर, दूर होगी जाम की समस्या

    Updated: Mon, 04 Mar 2024 09:32 PM (IST)

    दिल्ली वालों के लिए बड़ी राहत की बात यह है कि इस वर्ष छह नए फ्लाईओवर तैयार होकर शुरू होने जा रहे हैं। इसमें दो डबल डेकर फ्लाईओवर भी शामिल हैं। जिनमें ऊपर के भाग में मेट्रो चलेगी और नीचे के भाग में वाहन चलेंगे और इसके नीचे भूतल पर भी वाहन चलेंगे। वर्तमान में दिल्ली में कई फ्लाईओवर और एलिवेटेड कॉरिडोर पर काम तेजी से चल रहा है।

    Hero Image
    दिल्ली को इस साल मिलेंगे दो डबल डेकर फ्लाईओवर (Photo- Canva)

    वी के शुक्ला,नई दिल्ली। नई सड़कों व फ्लाईओवर के निर्माण तथा पुराने के रखरखाव के लिए बजट में 1768 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। दिल्ली वालों के लिए बड़ी राहत की बात यह है कि इस वर्ष छह नए फ्लाईओवर तैयार होकर शुरू होने जा रहे हैं। इसमें दो डबल डेकर फ्लाईओवर भी शामिल हैं। जिनमें ऊपर के भाग में मेट्रो चलेगी और नीचे के भाग में वाहन चलेंगे और इसके नीचे भूतल पर भी वाहन चलेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ऐसे फ्लाईओवर शहीद मंगल पांडेय मार्ग पर भजनपुरा के पास और आजादपुर कॉरिडोर के पास बन रहे हैं। पिछले सालों में यह पहला साल होगा जिसमें इतने बड़े स्तर पर फ्लाईओवर और अंडरपास शुरू होंगे और जनता को जाम से राहत मिल सकेगी।

    बजट के अनुसार बीते 10 वर्ष में दिल्ली में फ्लाईओवरों का एक विशाल नेटवर्क तैयार हुआ है। बजट के अनुसार विगत नौ वर्ष में दिल्ली सरकार ने 30 नए फ्लाईओवर, एलिवेटेड कॉरिडोर और अंडरपास का निर्माण किया है।

    वित्त मंत्री आतिशी ने बजट पेश करने के दौरान कहा कि दुनिया के किसी भी राज्य में सड़कों की गुणवत्ता से इकानमी की रफ्तार तय होती है। जितना ज्यादा सरकार सड़कों पर खर्च करती है। उतना ही ज्यादा आम आदमी के लिए समय और पैसों की बचत मुमकिन होती है।

    कई फ्लाईओवर और एलिवेटेड कॉरिडोर पर चल रहा काम

    वर्तमान में दिल्ली में कई फ्लाईओवर और एलिवेटेड कॉरिडोर पर काम तेजी से चल रहा है। जो वर्ष 2024-25 में दिल्ली वालों को समर्पित किए जाएंगे।

    पंजाबी बाग फ्लाईओवर और राजा गार्डन फ्लाईओवर के बीच इंटीग्रेटेड कॉरिडोर का काम तेजी से चल रहा है। करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंत तक दिल्ली में छह नए फ्लाईओवर दिल्ली वालों को समर्पित किए जाएंगे।

    ये फ्लाईओवर व एलिवेटेड कॉरिडोर इस वर्ष हो जाएंगे शुरू

    रानी झांसी रोड जंक्शन से आजादपुर कॉरिडोर पर मेट्रो के साथ डबल डेकर फ्लाईओवर

    करावल नगर- घोंडा-बृजपुरी जंक्शन पर मेट्रो के साथ डबल डेकर फ्लाईओवर

    बारापुला फेज-तीन एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण-नंद नगरी से गगन सिनेमा जंक्शन पर फ्लाईओवर

    आनंद विहार आरओबी से अप्सरा बार्डर आरओबी तक का फ्लाईओवर

    मुकरबा चौक आउटर रिंग रोड पर अंडरपास का निर्माण

    दिल्ली में तैयार होगा दस हजार बसों का बेड़ा

    इसी तरह दिल्ली में 10 हजार बसों का बेड़ा पार करने के अपने लक्ष्य के बारे में इशारा किया है। सरकार के अनुसार सार्वजनिक परिवहन सेवा को सुदृढ़ करने लिए दिल्ली में दस हजार बसों का बेड़ा तैयार होगा। इसमें से 80 प्रतिशत इलेक्ट्रिक बसें होंगी।

    दिल्ली विधानसभा में सोमवार को पेश किए गए बजट के अनुसार दिल्ली में 7582 बसों का बेड़ा है। इनमें रोजाना 41 लाख से अधिक यात्री सफर करते हैं। इसे और बढ़ाने की दिशा में 1,900 नई इलेक्ट्रिक बसों के लिए कंसेशन एग्रीमेंट साइन किया जा चुका है। इस साल में इलेक्ट्रिक बसों के लिए 510 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।

    डीटीसी और क्लस्टर बसों में पिंक टिकट के जरिए महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की स्कीम जारी रखने के लिए वित्त वर्ष 2024-25 में 340 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।आने वाले सालों में दिल्ली में कुल 10480 बसें चलाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें 80 प्रतिशत इलेक्ट्रिक बसें होंगी।