Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi Weather Updates : दिल्ली-NCR में फिर होगी बारिश, जानें मौसम का ताजा हाल

    By Mangal YadavEdited By:
    Updated: Sun, 31 May 2020 11:33 AM (IST)

    Delhi Weather Updates दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

    Delhi Weather Updates : दिल्ली-NCR में फिर होगी बारिश, जानें मौसम का ताजा हाल

     नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार देर रात से शुरु हुई बारिश रविवार तड़के तक जारी रही। गर्मी से परेशान लोगों को इससे राहत मिली है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत और फरीदाबाद में भी झमाझम बारिश हुई। बारिश की वजह से सड़कों पर पानी जमा हो गया है। बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बारिश की वजह से दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे गिरकर 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री गिरकर 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को हुई बारिश की वजह से तापमान गिरा। इस कारण 20 से 30 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलती रही। अधिकतम तापमान पालम में 36.1 डिग्री और लोधी रोड में 33.8 डिग्री दर्ज हुआ। शनिवार को हवा में नमी का अधिकतम स्तर 92 फीसद और न्यूनतम स्तर 46 फीसद रहा।

    चार और पांच जून को बारिश होने की संभावना

    अब रविवार को भी दिनभर बादल छाए रहे सकते हैं। 30 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चल सकती है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहने का अनुमान है। पांच जून तक इसी तरह से दिल्ली में बादल छाए रहे सकते हैं। चार और पांच जून को बारिश होने की भी संभावना है।

    रविवार और सोमवार को हो सकती है बारिश

    गाजियाबाद में शनिवार को आकाश में बादल छाए रहे। न्यूनतम तापमान 24 व अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार और सोमवार को बारिश होने की उम्मीद है। बारिश होने पर गर्मी से राहत मिलेगी। तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। शनिवार सुबह से ही आकाश में बादलों ने डेरा डाल दिया। दिनभर सूर्य और बदलों के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा।

    मौसम वैज्ञानिक एसबी सिकेरा ने बताया कि बारिश होने से कृषि को फायदा होगा। रविवार व सोमवार को हवा के साथ बारिश हो सकती है। बारिश ज्यादा तेज नहीं होगी। इसके अलावा सात जून को भी बारिश हो सकती है। रविवार को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बारिश से लोगों को राहत मिली है।

    बारिश से कम हुआ प्रदूषण

    बारिश के कारण दिल्ली के प्रदूषण का स्तर गिरा गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के प्रदूषण मॉनिटरिंग स्टेशन के अनुसार, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) संतोषजनक, जबकि नोएडा का मध्यम श्रेणी में रहा।