Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में कब होगी बारिश? भीषण गर्मी के बीच IMD ने दी गुड न्यूज
दिल्ली में रेड अलर्ट के बीच भीषण गर्मी जारी है। बृहस्पतिवार को सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया जिसमें तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। अगले छह दिनों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है और वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। रेड अलर्ट के बीच बृहस्पतिवार को लगातार चौथे दिन राजधानी में भीषण गर्मी और लू का सितम जारी रहा। आसमान दिन भर साफ रहा तो तेज धूप सुबह से ही निकल गई थी। दिन चढ़ने के साथ- साथ यह और तीखी होती गई। दोपहर के समय तो उमस भरी में भी लोगों का पसीने से हाल बेहाल रहा। आलम यह रहा कि अब बृहस्पतिवार (12 जून) इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज हुआ। 43.9 डिग्री तापमान पर दिल्ली वासियों ने 54.4 डिग्री हीट इंडेक्स की गर्मी महसूस की।
बृहस्पतिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.0 डिग्री अधिक 43.9 डिग्री सेल्यियस रहा। यह दोनों ही तापमान इस सीजन में अभी तक के सर्वाधिक हैं। उमस का स्तर 73 से 39 प्रतिशत दर्ज हुआ तो हीट इंडेक्स भी 54.8 डिग्री तक पहुंच गया। यानी कहने का अभिप्राय: यह कि बृहस्पतिवार का दिन इस सीजन में हर दृष्टि से सर्वाधिक गर्म रहा।
मुंगेशपुर ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन एक वर्ष से बंद पड़ा
आयानगर, मुंगेशपुर एवं रिज में लू वाले हालात बने रहे। ज्ञात हो कि बाहरी दिल्ली के मुंगेशपुर ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन एक वर्ष से बंद पड़ा था। बृहस्पतिवार से इसका आंकड़ा मौसम विभाग ने फिर से साझा करना शुरू कर दिया है।
मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में करवट देखने को मिल सकती है। 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने, गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने व हल्की वर्षा होने के आसार हैं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 42 और 29 डिग्री रह सकता है। संभावना है कि शुक्रवार को लू नहीं चलेगी। हालांकि यलो अलर्ट भी जारी किया है।
अगले छह दिन के दौरान गर्मी के तेवर नरम
मौसम विभाग की मानें तो अगले छह दिन के दौरान अब गर्मी के तेवर नरम ही रहेंगे। इससे तापमान में भी कमी आएगी। 18 जून तक अधिकतम तापमान गिरकर 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री पर आ जाएगा।
दूसरी ओर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार बृहस्पतिवार को राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 195 यानी ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज किया गया। इसमें ओजोन का स्तर लगातार बढ़ा हुआ चल रहा है।
जगह | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
---|---|---|
आयानगर | 44.2 | 30.5 |
पालम | 43.9 | 30.2 |
रिज | 44.2 | 26.2 |
पीतमपुरा | 43.1 | 33.5 |
लोधी रोड | 42.8 | 29.2 |
मयूर विहार | 41.2 | 31.1 |
सफदरजंग | 43.9 | 30.7 |
नजफगढ़ | 41.0 | 31.8 |
पूसा | 41.9 | 30.3 |
मुंगेशपुर | 45.2 | 30.3 |
राजघाट | 40.8 | 30.8 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।