Delhi Weather: सितंबर का सबसे गर्म दिन रहा सोमवार, दिल्ली में उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल
दिल्ली में उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है सोमवार सितंबर का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। वायु गुणवत्ता सूचकांक 112 दर्ज किया गया है। यह हवा की गुणवत्ता को मध्यम श्रेणी में दर्शाता है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। बदलते मौसम में उमस भरी गर्मी एक बार फिर दिल्लीवासियों को परेशान कर रही है। चिलचिलाती धूप में पसीने छूट रहे हैं। हालात ये हैं कि सोमवार इस सितंबर का सबसे गर्म दिन रहा। तापमान सामान्य से ढाई डिग्री से भी ज्यादा दर्ज किया गया।
सोमवार को दिन भर आसमान साफ रहा। सुबह से ही तेज धूप निकल आई थी, जो दिन चढ़ने के साथ और तीखी होती गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सितंबर महीने का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 89 से 47 प्रतिशत दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। तेज धूप भी खिलेगी। बारिश की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 और 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
दूसरी ओर, दिल्ली की वायु गुणवत्ता अभी भी नियंत्रण में है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सोमवार को राजधानी का एक्यूआई 112 दर्ज किया गया। हवा का यह स्तर "मध्यम" श्रेणी में रखा गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।