Delhi Weather: दिल्ली-NCR में छाई स्मॉग और घने कोहरे की चादर, गुरुग्राम में विजिबिलिटी हुई 100 मीटर से कम
दिल्ली और एनसीआर के शहरों में बुधवार सुबह घना कोहरा और स्मॉग छा गया। इससे विजिबिलिटी 100 मीटर से कम हो गई। दृश्यता प्रभावित होने से वाहन चालकों को परेशानी हुई। दिल्ली के कई इलाकों का एक्यूआई बेहद खराब बना हुआ है। गुरुग्राम में एक्यूआई 266 दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्लीवासियों को रविवार से मौसम में बदलाव का एहसास हो सकता है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली सहित एनसीआर के शहरों में बुधवार सुबह घना कोहरा और स्मॉग छा गया। इसके कारण दृश्यता भी प्रभावित हुई तथा सड़कों पर करीब 100 मीटर से आगे ज्यादा दिखाई नहीं देने से वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है। कोहरे और स्मॉग के चलते लोग मॉर्निंग वॉक के लिए कम संख्या में बाहर निकले।
एक्यूआईसीएन के मुताबिक, दिल्ली के जहांगीरपुरी में सुबह सात बजे एक्यूआई 999 दर्ज किया गया। वहीं आनंद विहार में 785 रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले मंगलवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 300 से ऊपर यानी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया था।
गुरुग्राम में AQI 266 दर्ज
दिल्ली से सटे गुरुग्राम एयर क्वालिटी इंडेक्स ज्यादा होने यानी प्रदूषण बढ़ने तथा वातावरण में नमी होने से स्मॉग की स्थिति बन गई है। गुरुग्राम में सुबह छह बजे एक्यूआई 266 दर्ज किया गया।
रविवार से बदलेगा मौसम का मिजाज, गिरेगा तापमान
नवंबर के दूसरे सप्ताह में भी पंखा चला रहे दिल्लीवासियों को रविवार से मौसम में बदलाव का एहसास हो सकता है। पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के असर से जो थोड़ी बहुत वर्षा और बर्फबारी होने का अनुमान है, उसके असर से यहां भी थोड़ी ठंडक बढ़ेगी। अधिकतम व न्यूनतम दोनों तापमान गिरकर क्रमश: 30 और 16 डिग्री तक आ जाएंगे।
इस बीच मंगलवार को भी न्यूनतम एवं अधिकतम दोनों तापमान सामान्य से चार चार डिग्री ऊपर रहे। अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 96 से 46 प्रतिशत रहा।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को राजधानी में सुबह के समय कुछ स्थानों पर धुंध, कोहरा व हल्के से मध्यम स्तर का कुहासा रहने की संभावना है। शाम और रात के समय भी धुंध और कुहासा जारी रहेगा। दिन में आसमान सामान्यतया साफ रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में 12 नवंबर को भी स्मॉग की स्थिति (स्मॉग वायु प्रदूषण की एक अवस्था है जो (स्मोक+फॉग=स्मॉग) अर्थात धूल, धुएं और धुंध या नमी की अधिकता से बनता है) बनी थी जो दोपहर बाद जाकर कम हुई।
इस का मुख्य कारण एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 11 नवंबर को पहाड़ों की तरफ बढ़ा जिससे धीमी गति से पुरवाई हवाएं चलने से वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने से धूल तथा अन्य प्रदूषक तत्व निचले वातावरण में संघनित हो गए जिससे स्मॉग बना तथा रात्रि तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
17 नवंबर तक ऐसा रहेगा मौसम
राज्य में मौसम आमतौर पर 17 नवंबर तक परिवर्तनशील परंतु खुश्क रहने की संभावना है। राज्य में 13 व 14 नवंबर को उत्तरी व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की गति से चलने की संभावना से स्मॉग की स्थिति में कहीं -कहीं हल्की कमी आने की संभावना है, लेकिन 14 नवंबर रात्रि से एक ओर कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढ़ने से 15-16 नवंबर को पुरवाई हवाएं चलने से बीच-बीच में आंशिक बादल व हल्का स्मॉग संभावित है।
इसके बाद 17 नवंबर से फिर से उत्तरी व उत्तर पश्चिमी हवाएं मध्यम गति से चलने से दिन के तापमान सामान्य के आसपास रहने तथा रात्रि तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।