Delhi Weather: दिल्लीवासियों को फिलहाल ठंड से राहत नहीं, घना कोहरा छाने की आशंका; ऑरेंज अलर्ट जारी
दिल्ली में लगातार चौथे दिन कड़ाके की ठंड रही। कई इलाकों में कोल्ड डे जैसे हालात बने हैं। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री कम 16.2 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने आनेवाले दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। शुक्रवार को भी कोहरे और स्मॉग की संभावना है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। बृहस्पतिवार को लगातार चौथे दिन राजधानी में कड़ाके की ठंड बनी रही। अनेक इलाकों में कोल्ड डे वाले हालात भी रहे। हल्की धूप निकली, लेकिन उससे अधिक राहत नहीं मिली। सुबह के समय मध्यम से घने कोहरे ने भी खासा परेशान किया।
बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री कम 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 100 से 68 प्रतिशत तक दर्ज हुआ। पालम, नजफगढ़, नरेला और पूसा में कोल्ड डे वाले हालात देखने को मिले।
मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार सुबह ज्यादातर जगह स्मॉग एवं मध्यम से घना कोहरा रहने की संभावना है। कहीं-कहीं बहुत घना कोहरा भी हो सकता है। शाम एवं रात के समय भी यही स्थिति रहेगी। दिन में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 17 और आठ डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है।
दिल्ली के इन इलाकों में रही कोल्ड डे की स्थिति। वहां का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
इलाका | अधिकतम | न्यूनतम |
पालम | 13.5 (-5.2) | 6.5 (-0.5) |
नजफगढ़ | 13.6 (-5.1) | 8.0 (1.0) |
नरेला | 13.8 (-5.5) | 7.0 (0.8) |
पूसा | 13.7 (-5.6) | 7.0 (0.8) |
फिर बिगड़ी हवा, बहुत खराब श्रेणी में पहुंचा एक्यूआई
नए साल के दूसरे ही दिन दिल्ली एनसीआर की हवा बिगड़ गई। एक्यूआइ ''बहुत खराब'' श्रेणी में यानी 300 से ऊपर पहुंच गया। एनसीआर के शहरों के एक्यूआइ में भी वृद्धि दर्ज की गई। बताया जाता है कि ऐसा हवा की रफ्तार मंद होने के चलते हुआ। हाल फिलहाल इसमें बहुत बदलाव होने की भी संभावना नहीं है। प्रतिकूल मौसम और घने कोहरे से प्रदूषण की समस्या अभी परेशान कर सकती है।
यहां यह भी उल्लेखनीय है कि दो दिन से सीपीसीबी का पोर्टल और समीर एप तकनीकी खामियों से काम नहीं कर रहा था। इसलिए एक्यूआइ का आंकड़ा भी नहीं मिल पा रहा था। बृहस्पतिवार को भी यह समस्या शाम छह बजे के बाद ही ठीक हो पाई।
कहां कितना रहा एक्यूआई
शहर | एक्यूआई |
दिल्ली | 318 |
गुरुग्राम | 208 |
गाजियाबाद | 220 |
ग्रेटर नोएडा | 232 |
फरीदाबाद | 188 |
नोएडा | 211 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।