Delhi Weather Update: दिन भर रही उमस भरी गर्मी, शाम को हुई आंधी के साथ बरसात
मई के महीने में दिल्ली के मौसम ने अप्रत्याशित रूप से करवट ली। तेज धूप और उमस के बाद शाम को आई आंधी और बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया हालांकि तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है जिसमें तेज हवाओं और बारिश की संभावना है। वायु गुणवत्ता सूचकांक मध्यम श्रेणी में है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पूरे महीने पहेली बने रहे मई के मौसम ने बृहस्पतिवार को फिर चौंकाया। साफ आसमान और तेज धूप के बीच दिन भर उमस भरी गर्मी रही जबकि शाम को तेज आंधी और वर्षा से फिजा ही बदल गई।
हालांकि इससे तापमान और गर्मी में कोई खास गिरावट नहीं आई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को दिन भर मौसम का बदला रूप देखने को मिल सकता है। ऑरेंज अलर्ट भी जारी हो चुका है।
बृहस्पतिवार को सुबह ही धूप निकल गई थी। दिन चढ़ने के साथ यह और तीखी होती गई। वातावरण में नमी की मात्रा अधिक होने से उमस ने भी पसीना निकाले रखा। शाम पांच बजे के आसपास मौसम में बदलाव देखने को मिला।
मौसम विभाग ने यलो अलर्ट को ऑरेंज अलर्ट में भी बदल दिया। तेज आंधी चली, जिसकी गति पालम में 46 जबकि सफदरजंग में 41 किमी प्रति घंटे तक दर्ज की गई। इसके बाद कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की वर्षा रिकॉर्ड की गई।
बृहस्पतिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम 39.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं हवा में नमी का स्तर 77 से 49 प्रतिशत तक रिकार्ड हुआ। जहां तक वर्षा का सवाल है तो रात साढ़े आठ बजे तक सफदरजंग में बूंदाबांदी और मयूर विहार में 3.5 मिमी दर्ज की गई।
शुक्रवार के लिए मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिन भर बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने, 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने और मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना है।
हवा की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक भी जा सकती है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 व 28 डिग्री रह सकता है। शनिवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा। इस दौरान तापमान में भी कुछ गिरावट आ सकती है।
मध्यम श्रेणी में रहा दिल्ली का एक्यूआई
वायु गुणवत्ता फिलहाल नियंत्रण में ही चल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक बृहस्पतिवार को दिल्ली का एक्यूआई 171 दर्ज किया गया। एक दिन पूर्व बुधवार को यह 151 रहा था। यानी 24 घंटे के दौरान 20 अंकों की वृद्धि हुई है।
इसे मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। एनसीआर के शहरों का एक्यूआई भी कहीं संतोषजनक तो कहीं मध्यम श्रेणी में बना हुआ है। हाल फिलहाल इसमें वृद्धि होने की संभावना भी नहीं लग रही।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।