Delhi Weather: रुक-रुक कर हो रही बारिश से दिल्ली का मौसम हुआ सुहाना, IMD ने बताया कब तक बरसते रहेंगे बादल
दिल्ली में सोमवार को बादल छाए रहे और कई जगहों पर हल्की से तेज बारिश हुई जिससे मौसम खुशनुमा बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी बारिश की संभावना है। बारिश के कारण दिल्ली की वायु गुणवत्ता संतोषजनक स्तर पर बनी हुई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सोमवार को भी राजधानी में बादलों की लुकाछिपी चलती रही और कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। इससे मौसम सुहावना भी रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भी अधिकांश स्थानों पर हल्की बारिश के एक-दो दौर जारी रह सकते हैं। इससे उमस भरी गर्मी का असर हल्का रहेगा।
सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री कम 28.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री कम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 100 से 88 प्रतिशत के बीच रहा। जहां तक बारिश की बात है, तो सफदरजंग बीच पर सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच 1.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भी दिन भर बादल छाए रहेंगे। अधिकांश स्थानों पर हल्की बारिश के एक-दो दौर की संभावना है। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
दूसरी ओर, बारिश के असर से दिल्ली की हवा लगातार साफ़ बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का वायु सूचकांक 62 दर्ज किया गया। हवा का यह स्तर "संतोषजनक" श्रेणी में रखा गया है। फिलहाल, वायु सूचकांक इसी के आसपास बना रहेगा।
सोमवार को सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक कितनी बारिश हुई (मिमी में)
स्थानीय वर्षा | मिमी में बारिश |
---|---|
सफदरजंग | 1.2 |
पालम | 0.5 |
लोधी रोड | 1.2 |
रिज | 10.6 |
आयानगर | 0.8 |
पूसा | 1.0 |
नजफगढ़ | 1.0 |
मयूर विहार | 1.0 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।