Delhi-NCR Weather: दिल्ली में जारी रहेगा बारिश का दौर, IMD ने जारी किया अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान
दिल्ली में कई दिनों की बारिश के बाद मौसम ने करवट ली। धूप निकलने से तापमान में थोड़ी वृद्धि हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक संतोषजनक रहा। विभिन्न स्थानों पर बारिश की मात्रा दर्ज की गई।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। लगातार कई दिनों की झमाझम वर्षा के बाद बृहस्पतिवार को दिल्ली में मौसम ने करवट ली। बीच-बीच में बादल छाए जरूर, लेकिन वर्षा हल्की ही हुई। कई दिन बाद धूप भी निकली। इसीलिए तापमान में भी थोड़ा इजाफा देखा गया। हालांकि मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को फिर कुछ जगहों पर मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना है।
बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री कम 34.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री कम 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 100 से 75 रिकॉर्ड किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के दौरान वर्षा 2.0 मिमी रिकॉर्ड हुई।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को भी दिन भर बादल छाए रहेंगे। गरज वाले बादलों के साथ ज्यादातर जगह हल्की वर्षा हो सकती है। अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। कुछ जगह मध्यम स्तर की वर्षा होने की भी संभावना है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 और 23 डिग्री होने का अनुमान है।
उधर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, बृहस्पतिवार को दिल्ली का एक्यूआइ 58 के साथ ''संतोषजनक'' श्रेणी में दर्ज किया गया। अभी इसमें अधिक बदलाव होने की कोई संभावना नहीं लग रही है।
बृहस्पतिवार काे सुबह 8.30 से रात 5.30 के दौरान हुई वर्षा (मिमी में)
स्थान | वर्षा (मिमी) |
---|---|
सफदरजंग | 2.0 |
पालम | 1.4 |
लोधी रोड | 2.4 |
रिज क्षेत्र | 5.0 |
राजघाट | 0.4 |
पूसा | 0.5 |
नजफगढ़ | 6.0 |
मयूर विहार | 6.5 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।