यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 17, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
PHOTOS: मानसून से पहले पानी-पानी हुई दिल्ली, गर्मी के तेवर पड़े नरम; सड़कों पर रेंगती रही गाड़ियां
दिल्ली में मंगलवार दोपहर को मानसून से पहले की तेज बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। तेज हवाओं के ...और पढ़ें

HighLights
- दिल्ली में प्री-मानसून बारिश से राहत |
- तापमान में गिरावट, वायु गुणवत्ता सुधरी |
- मौसम विभाग का बुधवार के लिए अलर्ट |
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। लगातार बदल रहे मौसम में मंगलवार दोपहर बाद दिल्ली में प्री मानसून की तेज वर्षा ने गर्मी के तेवर ढीले कर दिए। तेज हवाओं के साथ हुई वर्षा से उमस तो कम हुई ही, तापमान में भी गिरावट देखने को मिली।
मौसम विभाग की मानें तो बुधवार को भी आंधी व वर्षा जारी रहने का पूर्वानुमान है। सप्ताहांत तक मानसून के दिल्ली के काफी करीब आ जाने की भी संभावना है।

एनएच-नौ की सर्विस रोड पर विनोद नगर पास वर्षा से हुआ जलभराव।
मंगलवार को बादलों की लुकाछिपी तो सुबह से चल रही थी। लेकिन उमस भी कम नहीं थी। दोपहर तक यही स्थिति बनी रही। दोपहर दो बजे के बाद मौसम ने करवट ली।

पांडव नगर, समसपुर जागीर गांव के पास अंडरपास में हुआ जलभराव।
तेज हवाओं के साथ वर्षा का दौर एक बार शुरू हुआ तो देर रात तक चलता रहा। हालांकि पहले मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन दोपहर में इस रेड अलर्ट में तब्दील कर दिया।

निर्माण विहार में वर्षा से हुआ जलभराव।
इसी मौसमी बदलाव के चलते पालम और सफदरजंग स्टेशनों पर दोपहर 2.30 बजे से तीन बजे तक और शाम 6.30 बजे के आसपास 35-45 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलीं।

नई दिल्ली-वर्षा के कारण आईटीओ विकास मार्ग पर लगा यातायात जाम। ध्रुव कुमार
इसी दौरान कहीं तेज और कहीं वर्षा दर्ज की गई। रात साढ़े आठ बजे तक हुई वर्षा का आंकड़ा 28.4 मिमी दर्ज किया गया। सर्वाधिक वर्षा पूसा में 57.0 मिमी दर्ज की गई।

तेज वर्षा के दौरान जहांगीरपुरी मेट्र्रो स्टेशन के नीचे जीटी करनाल रोड पर हुए जलभराव से गुजरते वाहन
मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक था। हवा में नती का स्तर 98 से 59 प्रतिशत रिकार्ड किया गया।

तेज वर्षा के दौरान जीटीके डीपो के सामने मुख्य मार्ग पर हुआ जलभराव।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत बिजली चमकने के साथ गरज के साथ हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होने और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भविष्यवाणी की गई है, खासकर रात के दौरान। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

तेज वर्षा के दौरान वजीरपुर औद्याेगिक क्षेत्र के पास मुख्य मार्ग पर हुए जलभराव से गुजरते वाहन
बृहस्पतिवार को भी यही स्थिति बनी रहेगी। उधर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, मंगलवार शाम चार बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 104 दर्ज किया गया। इसको मध्यम श्रेणी में रखा जाता है।
सुबह साढ़े आठ से रात साढ़े आठ बजे के दौरान कहां, कितनी हुई वर्षा
स्थान वर्षा (मिमी में)
सफदरजंग 28.4
पालम 41.8
लोधी रोड 6.0
रिज 14.4
आयानगर 22.8
दिल्ली विवि. 18.5
पूसा 57.0
नरेला 1.5
