Delhi Weather Forecast: भीषण गर्मी की सितम जारी, दिल्ली में देश का सबसे गर्म इलाका; जानिए कब तक पड़ेंगे लू के थपेड़े
बुधवार को भी दिल्ली वासियों को भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से राहत नहीं मिली। चिलचिलाती धूप के बीच ऐसा लग रहा था मानो आसमान से आग बरस रही हो। यही कारण ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। बुधवार को भी दिल्ली वासियों को भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से राहत नहीं मिली। चिलचिलाती धूप के बीच ऐसा लग रहा था, मानो आसमान से आग बरस रही हो। यही कारण है कि तापमान में भी फिर से वृद्धि देखने को मिल रही है।
आलम यह रहा कि बुधवार को नजफगढ़ देश का सबसे गर्म इलाका दर्ज किया गया। यहां का अधिकतम तापमान 47.7 डिग्री रिकार्ड किया गया। दूसरे नंबर पर राजधानी का ही नरेला और उत्तर प्रदेश का कानपुर रहा, जहां का अधिकतम तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लू के थपेड़े और तीखी धूप ने किया परेशान
बुधवार को भी दिल्ली में सुबह ही तेज धूप ने हाल बेहाल करना शुरू कर दिया था। दिन चढ़ने के साथ साथ धूप भी और तीखी होती गई। ऑरेंज अलर्ट के बीच दोपहर तक 25 से 35 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार वाली गर्म हवा के साथ लू के थपेड़ों ने भी सभी को घर-दफ्तर में ही कैद रहने पर विवश कर दिया। लाल बत्ती पर ग्रीन सिग्नल के इंतजार में खड़े दोपहिया वाहन चालकों की स्थिति तो और भी दयनीय थी।
दिल्ली में कितना दर्ज किया तापमान
इन्हीं सब हालातों के बीच बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 44.7 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 58 से 18 प्रतिशत रहा।
आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को भी 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवा चलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री तो न्यूनतम 30 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। ज्यादातर जगहों पर लू चलेगी। चिलचिलाती धूप के बीच आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही भी देखने को मिल सकती है।
उधर बृहस्पतिवार से लगातार पांच दिनों तक लू चलेगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 30 से 31 डिग्री के आसपास पहुंच जाएगा। इसके चलते न केवल दिन बल्कि सुबह और रात के समय में भी मौसम गर्म रहने की प्रबल संभावना है।
कहां कितना तापमान
पालम : 45.5 डिग्री
लोधी रोड : 45.1
रिज : 46.4
आयानगर : 45.9
नजफगढ़ : 47.7 डिग्री
नरेला : 47.5 डिग्री
पूसा : 46.5 डिग्री
पीतमपुरा : 46.7 डिग्री
जाफरपुर : 46.3 डिग्री

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।