झुलसाती गर्मी झेलने को तैयार रहें दिल्लीवाले, तीन में 40 डिग्री पार हो सकता है पारा; लू को लेकर भी IMD ने दिया अपडेट
मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री पार हो जाएगा। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक और प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा आने वाले दिनों में लू चलने की कोई संभावना नहीं है लेकिन अगले तीन से चार दिनों में दिल्ली का तापमान 40 डिग्री से ऊपर जा सकता है।

राज्य ब्यूरो, जागरण, नई दिल्ली। मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री पार हो जाएगा। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक और प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, "आने वाले दिनों में लू चलने की कोई संभावना नहीं है, लेकिन अगले तीन से चार दिनों में दिल्ली का तापमान 40 डिग्री से ऊपर जा सकता है।"
उन्होंने कहा कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ (डब्ल्यूडी) उत्तर पश्चिम भारत के करीब पहुंचेगा लेकिन इसका राजधानी पर कोई असर नहीं होगा। इसलिए आने वाले सप्ताह में दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और वर्षा की भी कोई भविष्यवाणी नहीं है।
अप्रैल में कब-कब सबसे ज्यादा दर्ज किया गया तापमान
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2023 में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 14 अप्रैल को 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 2022 में यह 43.5 डिग्री सेल्सियस था। 2021 में 42.2 एवं 2020 में 40.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। आंकड़ों के अनुसार, इस गर्मी के मौसम में अभी तक का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो 20 अप्रैल को दर्ज किया गया था।
सोमवार को कितना रहा तापमान
उधर सोमवार को दिन भर खिली रही धूप के बीच अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री जबकि न्यूनतम 27.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दोनों ही इस सीजन के सामान्य हैं। हवा में नमी का स्तर 69 से 27 प्रतिशत रहा। स्पोर्टस काम्प्लेक्स दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मंगलवार को कितना रहेगा तापमान
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को आसमान साफ रहेगा। 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चलेगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 व 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता हे।
वहीं दिल्ली की वायु गुणवत्ता फिलहाल साफ ही चल रही है। सोमवार को दिल्ली का एक्यूआई महज 127 दर्ज किया गया। इस श्रेणी की हवा को ''मध्यम'' श्रेणी में रखा जाता है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।