दिल्ली में SIR को लेकर AAP और BJP आमने-सामने, भाजपा विरोधी वोट कटवाने का आरोप
दिल्ली में मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर आप और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। आप ने भाजपा पर मतदाता सूची से नाम कटवाने का आरोप लगाया है वहीं भाजपा ने आप पर घुसपैठियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। दोनों पार्टियां एक दूसरे पर चुनाव आयोग को प्रभावित करने का आरोप लगा रही हैं।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर दिल्ली में आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के समय गलत तरीके से मतदाताओं के नाम काटे गए थे। उसकी शिकायत करने के बाद भी चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
चुनाव आयोग भाजपा के हित में काम कर रही है। इस आरोप पर भाजपा ने पलटवार करते हुए आप पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया है। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आप नेताओं को शपथ पत्र के साथ चुनाव आयोग के पास शिकायत करने की चुनौती दी है।
आप के प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने प्रेसवार्ता कर आरोप लगाया कि भाजपा को लाभ पहुंचाने के लिए मतदाता सूची से दूसरी पार्टियों के समर्थकों के नाम काटे जा रहे हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले नई दिल्ली और शाहदरा विधानसभा क्षेत्रों में हजारों मतदाताओं के नाम काट दिए गए।
नाम काटने के लिए फर्जी नाम से आवेदन दिए गए। मुख्य चुनाव आयुक्त से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में आरटीआइ का भी जवाब नहीं दिया जा रहा है।
आप नेता के आरोप को दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा, दिल्ली में एसआइआर की घोषणा के बाद से आप नेता परेशान हैं। आप नेता पिछले कई वर्षों से घुसपैठियों के वोट बनवा रहे थे। एआइआर से फर्जी मतदाता पकड़े जाएंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि आप नेता बंगाल से घुसपैठियों को दिल्ली लाने के लिए ट्रेन में एसी श्रेणी का टिकट उपलब्ध कराते हैं। घुसपैठियों को संरक्षण देने के कई साक्ष्य दिल्ली पुलिस को मिले हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।