विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 02, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

विधानसभा उपाध्यक्ष राखी बिड़ला ने वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर किया जागरूक

By Prateek KumarEdited By:
Published: Tue, 02 Nov 2021 10:47 PM (IST)Updated: Tue, 02 Nov 2021 10:48 PM (IST)

राखी बिड़ला ने कहा कि प्रत्येक नागरिक जिम्मेदारी से अभियान में भाग लेकर अपना योगदान दें तो दिल्ली में वाहनों ...और पढ़ें

अभियान में लोग लगातार शामिल भी हो रहे हैं।
अभियान में लोग लगातार शामिल भी हो रहे हैं।

नई दिल्ली [पुष्पेंद्र कुमार]। दिल्ली विधानसभा उपाध्यक्ष राखी बिड़ला ने मंगलवार को कड़कड़ी मोड़ पर रेड लाइट आन, गाड़ी आफ अभियान चलाकर वाहन चालकों को रेड लाइट पर अपने वाहन बंद करने के लिए जागरूक किया। उन्होंने वाहन चालकों को गुलाब का फूल देकर दिल्ली सरकार की तरफ से चलाए जा रहे इस अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया। इस मौके पर कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एसके बग्गा उपस्थित रहे।

राखी बिड़ला ने कहा कि प्रत्येक नागरिक जिम्मेदारी से अभियान में भाग लेकर अपना योगदान दें, तो दिल्ली में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को 15 से 20 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है। यह अभियान दिल्ली स्तर पर हर रेड लाइट पर चल रहा है, इस अभियान में लोग लगातार शामिल भी हो रहे हैं।

इसके साथ ही शहर में प्रदूषण को रोकने के लिए स्वेच्छा से लाल बत्ती पर अपने वाहनों को बंद कर रहे हैं। साथ ही, उन्होंने लोगों से अपने मोबाइल फोन में ग्रीन दिल्ली एप डाउनलोड करने की अपील करते हुए कहा कि दिल्ली के लोगों ने पहले भी सराहनीय काम किया है और मुझे विश्वास है कि वे इस बार भी प्रदूषण को हरा देंगे। इस अभियान में सिविल डिफेंस वालंटियर के अलावा आम आदमी पार्टी के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र

इधर, फैकल्टी एसोसिएशन आफ एम्स ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया को पत्र लिखकर काफी समय से लंबित मांगों को पूरा करने का अनुरोध किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. राकेश यादव की ओर से लिखे गए पत्र में फैकल्टी सदस्यों के लिए आवासों की कमी, रोटरी हैडशिप लागू करने और एम्स में सभी गवर्निंग बाडी का गठन कर डिप्टी डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन (डीडीए) के खाली पद को भरने की मांग की है। पत्र में बताया गया है कि एम्स में 950 फैकल्टी सदस्य हैं। लेकिन, इतनी संख्या में आवास नहीं है। सदस्यों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।