Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दशहरा, दिवाली और छठ के लिए सीटें अभी से फुल, रेलवे 12 हजार से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाने की कर रहा तैयारी

    Updated: Sat, 23 Aug 2025 09:50 AM (IST)

    त्योहारी सीजन में ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। दशहरा दीपावली और छठ पर घर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे ने 1 नवंबर 2024 से आरक्षण अवधि को 120 दिन से घटाकर 60 दिन कर दिया है। त्योहारों में भीड़ को देखते हुए रेलवे 12 हजार से अधिक विशेष ट्रेनें चलाने की तैयारी कर रहा है।

    Hero Image
    दिल्ली से त्योहारों में घर जाना हुआ मुश्किल, ट्रेनों में टिकट मिलना मुश्किल।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। त्योहार के दिनों में ट्रेनों में कन्फर्म टिकट प्राप्त करना आसान नहीं है। इन दिनों ट्रेन में भीड़ बढ़ जाती है। टिकट की मांग बढ़ जाती है। दिल्ली से दशहरा, दीपावली और छठ में अपने घर जाने वाले विशेषकर पूर्व दिशा के यात्रियों को भी कन्फर्म टिकट प्राप्त करने में परेशानी हो रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बुकिंग शुरू होते ही कुछ मिनट में ही सभी टिकट बिक जाते हैं। लोग प्रतीक्षा सूची के टिकट खरीदने को मजबूर हो रहे हैं। उनके सामने अधिक पैसे खर्च कर तत्काल टिकट खरीदने का विकल्प है या फिर विशेष ट्रेन की घोषणा का।

    पहले यात्रा शुरू होने के 120 दिन पहले तक आरक्षित टिकट लिया जा सकता था। 1 नवंबर, 2024 से यह अवधि कम करके 60 दिन कर दी गई है। दो अक्टूबर को दशहरा, 21 अक्टूबर को दीपावली और 27 व 28 अक्टूबर को छठ पूजा है।

    दशहरा के समय पटना के लिए राजधानी एक्सप्रेस में कुछ सीटें उपलब्ध हैं, लेकिन दीपावली व छठ के समय अधिकांश ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची का भी टिकट नहीं मिल रहा है। भागलपुर के लिए न तो दशहरा के समय किसी ट्रेन में सीट उपलब्ध है और न दशहरा व दीपावली के समय।

    गया के लिए भी किसी ट्रेन में जगह नहीं है। अधिकांश ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची का टिकट भी नहीं मिल रहा है। कोलकाता और रांची जाने वाली ट्रेनों की भी यही स्थिति है।

    रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहार में होने वाली भीड़ को ध्यान में रखकर बड़े शहरों से 12 हजार से अधिक विशेष ट्रेनें चलाने की तैयारी है। दिल्ली से भी पर्याप्त संख्या में विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।

    अधिकांश विशेष ट्रेनें बिहार के लिए चलेंगी। प्रत्येक रूट का आकलन किया जा रहा है। आवश्यकता अनुसार विशेष ट्रेनों की घोषणा होगी जिससे कि लोग त्योहार में अपने स्वजनों के पास पहुंच सकें।