विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली को दहलाने की थी साजिश, पाकिस्तानी आतंकी संगठन और आईएसआई से जुड़े मॉड्यूल के तार

Published: Wed, 10 Sep 2025 07:17 PM (IST)

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और झारखंड एटीएस ने दिल्ली-एनसीआर को दहलाने की साजिश रच रहे दो आतंकियों को गिरफ्तार किया। ...और पढ़ें

रांची से गिरफ्तार किया गया आतंकी अशरफ। जागरण
रांची से गिरफ्तार किया गया आतंकी अशरफ। जागरण

HighLights

  1. आठ संदिग्धों से स्पेशल सेल समेत केंद्रीय एजेंसियां कर रही हैं पूछताछ
  2. दिल्ली, झारखंड व महाराष्ट्र समेत पांच राज्यों में चल रही है छापेमारी
  3. पाकिस्तानी आतंकी संगठन व आईएसआई से जुड़े हैं इस माॅड्यूल के तार

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आने वाले त्योहारों के दौरान दिल्ली-एनसीआर को दहलाने की साजिश रच रहे दो आतंकी अशरफ दानिश और आफताब को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल व झारखंड एटीएस की टीम ने दिल्ली व रांची से गिरफ्तार कर लिया है।

इस माॅड्यूल के सदस्यों को पकड़ने के लिए तीन दिनों से दिल्ली, झारखंड, महाराष्ट्र समेत पांच राज्यों में छापेमारी जारी है। ऑपरेशन के तहत हिरासत में लिए गए आठ अन्य संदिग्धों से स्पेशल सेल, एनआईए व आईबी समेत तमाम केंद्रीय एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।

गजवा-ए-हिंद के लिए युवाओं को जिहादी बना रहा था माॅड्यूल

यह माॅड्यूल गजवा-ए हिंद के लिए मुस्लिम युवाओं को जिहादी बनाने का काम कर रहा था। युवाओं के दिमाग में जहर घोल उन्हें देश के खिलाफ आतंकी गतिविधियां करने के लिए तैयार कर रहा था।

सभी इंटरनेट मीडिया के जरिये आपस में जुड़े हुए थे, इनके तार पाकिस्तानी आतंकी संगठन और आईएसआई से भी जुड़े होने के सुबूत मिले हैं।

कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा भी दे रहा था आतंकी

संयुक्त टीम ने रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के न्यू तबारक लाज, इस्लामनगर से 23 वर्षीय अशरफ दानिश उर्फ अशहर दानिश को बुधवार सुबह गिरफ्तार किया। वह मूलरूप से बोकारो के पेटरवार थाना अंतर्गत मुस्लिम टोला, बुंडू का रहने वाला है।

इसके इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सिरिया (आईएसआईएस) से भी जुड़े होने की जानकारी मिली है जिसकी जांच की जा रही है। अशरफ दानिश न्यू तबारक लाॅज में भूतल पर कमरा नंबर 15 में रहता था।

स्नातक पास अशरफ रांची में कर्मचारी चयन आयोग की प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी भी कर रहा था। इसके कमरे से एटीएस को हथियार व बम बनाने के सामान मिले हैं।

आतंकियाें से ये किया गया बरामद

आतंकियों से एक कट्टा, एक कारतूस, काॅपर शीट (हथियार सामग्री), हाइड्रोलिक एसिड, नाइट्रिक एसिड, सोडियम बाइकार्बोनेट, सल्फर पाउडर, पीएच वैल्यू चेकर, बाल बियरिंग्स बरामद हुईं।

साथ ही चार चाकू, 10 हजार नकद, लैपटाप, मोबाइल, वेगिंग मशीन, बीकर सेट, सेफ्टी ग्लव्स, रेस्पिरेटरी मास्क, प्लास्टिक बाॅक्स कंटेंनिंग स्ट्रीप वायर, सर्किट, मदरबोर्ड, डायोड्स भी मिले।

आतंकी अशरफ को ट्रांसिट रिमांड पर लाया जा रहा दिल्ली

सेल ने झारखंड एटीएस व झारखंड पुलिस के साथ मिलकर झारखंड में तीन स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इन ठिकानों में रांची के लोअर बाजार थानाक्षेत्र स्थित लाॅज, अनगड़ा व पलामू जिले का हुसैनाबाद थानाक्षेत्र के दो ठिकाने शामिल हैं।

अशरफ को ट्रांजिट रिमांड लेकर दिल्ली लया जा रहा है। स्पेशल सेल के डीसीपी अमित कौशिक का कहना है कि अब तक की जांच में अशरफ ही इस माॅड्यूल का मुख्य मास्टरमाइंड लग रहा है।

निजामुद्दीन से पकड़ा गया मुंबई का रहने वाला आफताब

इससे पूछताछ के आधार पर सेल की टीम ने निजामुद्दीन इलाके से मुंबई के रहने वाले आफताब को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से भी अवैध हथियार व कारतूस मिले हैं।

जांच एजेंसी को संदेह है कि दोनों पाकिस्तान से संचालित एक आतंकी माॅड्यूल के संपर्क में थे। कुछ समय पहले आईबी को जानकारी मिली थी कि पाकिस्तानी आतंकी संगठन से जुड़े कुछ आतंकी दिल्ली-एनसीआर में कुछ बड़ा करने की योजना बना रहे हैं, जिसके बाद दोनों राज्यों में कार्रवाई की गई।

यह भी पढ़ें- रांची में ISIS का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस और झारखंड एटीएस का ज्वाइंट एक्शन