दिल्ली में बिना लाइसेंस और हेलमेट चला रहा था स्कूटी, जब पुलिस ने रोका तो पहले की पिटाई...फिर फाड़ी वर्दी
दिल्ली में बिना हेलमेट स्कूटी चलाने पर रोके जाने पर युवकों ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी से मारपीट की और वर्दी फाड़ दी। उन्होंने एक अन्य पुलिसकर्मी का मोबाइल भी छीन लिया। पुलिस ने दो आरोपियों मोहित और परवीन को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य की तलाश जारी है। मामला मौर्या एन्क्लेव थाने में दर्ज किया गया है।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बिना हेलमेट व विपरीत दिशा से आ रहे स्कूटी सवार दो लड़कों को रोकना यातायात पुलिसकर्मी को भारी पड़ा। लड़कों ने यातायात पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की, वर्दी भी भार दी।
वहीं, एक अन्य पुलिसकर्मी का मोबाइल फोन भी लूटकर ले गए। पीड़ित पुलिसकर्मी की शिकायत पर मौर्या एन्क्लेव थाना पुलिस ने इस मामले दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उत्तरी-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि 19 अगस्त को मधुबन चौक पर यातायात पुलिस कर्मचारियों पर हमले की एक घटना सामने आई।
यातायात नियंत्रण करते समय कर्मचारियों ने बिना हेलमेट पहने और विपरीत दिशा से आ रहे दो स्कूटी सवार लड़कों को रोका। लाइसेंस पूछने पर वे आक्रामक हो गए। लड़कों ने कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया, हाथापाई की, और कुछ ही देर बाद उनके तीन-चार और साथी भी उनके साथ आ गए।
यातायात कर्मचारियों पर हमला किया गया। उनकी वर्दी फाड़ दी गई और एक कांस्टेबल का मोबाइल फोन लूट लिया। पीड़ित की शिकायत पर मौर्या एन्क्लेव थाना पुलिस ने कई संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर दो आरोपित पीतमपुरा निवासी मोहित और परवीन को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।