विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 27, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Excise Policy Case: मनीष सिसोदिया को 4 मार्च तक CBI रिमांड पर भेजा, AAP का प्रदर्शन जारी

By Jagran NewsEdited By: Geetarjun
Published: Mon, 27 Feb 2023 05:32 PM (IST)Updated: Mon, 27 Feb 2023 06:20 PM (IST)

Manish Sisodia CBI Remand दिल्ली सरकार की नई आबकारी नीति (2021-22) घोटाला मामले में गिरफ्तार उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को राउज ...और पढ़ें

चार मार्च तक CBI रिमांड पर भेजे गए डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया
चार मार्च तक CBI रिमांड पर भेजे गए डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली सरकार की नई आबकारी नीति (2021-22) घोटाला मामले में गिरफ्तार उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को राउज एवेन्यू कोर्ट ने पांच दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है। मनीष सिसोदिया को रविवार शाम को मामले में आठ घंटे तक पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उन्हें सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया।

आबकारी घोटाला मामले में विशेष न्यायाधीश एमके नागपाल ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को पांच दिन की सीबीआई रिमांड पर भेजा है। सीबीआई ने सिसोदिया को कोर्ट में पेश करके पांच दिन की रिमांड देने की मांग की थी। फैसले के बाद सीबीआई सिसोदिया को लेकर कोर्ट से निकल गई और सीबीआई मुख्यालय ले जाया जा रहा है।

सुबह किया गया मेडिकल

सीबीआई मुख्यालय में ही मनीष सिसोदिया का मेडिकल टेस्ट किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सिसोदिया को एम्स में नहीं ले जाया गया था।

सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ AAP का प्रदर्शन

डिप्टी सीएम और आप नेता मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद से आम आदमी पार्टी देश के कई शहरों में विरोध प्रदर्शन कर रही है। पार्टी ने आरोप लगाया कि दिल्ली में इमरजेंसी जैसे हालात हो गए हैं। विरोध प्रदर्शन करने के दौरान दिल्ली पुलिस आप दफ्तर में घुस गई।

सिसोदिया को गिरफ्तार करने का राजनीतिक दबाव था- सीएम केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मुझे बताया गया है कि ज्यादातर सीबीआई अधिकारी मनीष की गिरफ्तारी के खिलाफ थे। वे सभी उनका बहुत सम्मान करते हैं और उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं है, लेकिन उन्हें गिरफ्तार करने का राजनीतिक दबाव इतना अधिक था कि उन्हें अपने राजनीतिक आकाओं की बात माननी पड़ी।

दिल्ली सरकार में सबसे प्रभावशाली मंत्री

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के पास दिल्ली सरकार के 18 मंत्रालय हैं। 30 मई 2022 को दिल्ली सरकार के कद्दावर मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद से जैन के छह महत्वपूर्ण विभाग भी सिसोदिया के पास आ गए थे।

कोर्ट में हुई सुनवाई के अंश

कोर्ट में सुनवाई के दौरान मनीष सिसोदिया के वकील ने कहा कि मनीष के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। वहीं, सीबीआई की ओर से कहा गया है कि सिसोदिया से अभी पूछताछ बाकी है। राउज एवेन्यू कोर्ट में सीबीआई के वकील से पूछा था कि मनीष सिसोदिया की रिमांड क्यों चाहिए? इसके जवाब में सीबीआई के वकील ने कहा कि आगे की जांच के लिए रिमांड चाहिए।

सिसोदिया के वकील ने दी दलील- सीबीआई के पास नहीं है रिमांड की मांग का आधार

सिसोदिया की तरफ से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता दयन कृष्णन ने कहा कि मनीष वित्त मंत्री हैं। आबकारी नीति के मामले को नौकरशाहों ने देखा, इसमे मनीष का रोल नहीं है। जहां तक रिमांड की बात है तो एजेंसी के पास रिमांड की मांग करने का आधार नहीं है।

सीबीआई ने कहा- जांच में सहयोग नहीं कर रहे सिसोदिया

मामले को लेकर कोर्ट में सीबीआई के वकील ने कहा कि मनीष सही जवाब नहीं दे रहे है, लेकिन ये रिमांड की मांग करने का आधार नहीं है। साथ ही एजेंसी ने कहा कि मनीष जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं और तथ्यों को छिपा रहे हैं। इसके बाद सिसोदिया की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता मोहित माथुर ने कहा कि एलजी ने नीति को मंजूरी दी, लेकिन एजेंसी इसे नहीं देख रही है। एलजी ने इस पर राय भी दी थी और विशेषज्ञों से भी पूछा था।

सिसोदिया के वकील ने पूछा कि एलजी ने क्यों दी नीति को मंजूरी

सिसोदिया के वकील माथुर ने कहा कि अगर मान लिया जाये मनीष ने नीति में साजिश थी तो दिल्ली के विशेष राज्य के दर्जे के तहत एलजी ने इसे मंजूरी क्यों दी। माथुर ने कहा कि एजेंसी सिर्फ नीति के लागू होने की जांच कर रही है। माथुर ने कहा कि 5 से 12 प्रतिशत मुनाफा का आरोप लगाया जा रहा है, लेकिन वो नोट का हिस्सा मात्र था, जो एलजी को भेजा गया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।