Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Rajendra Nagar Bypoll Result: 8 साल में 3 बार AAP की जीत, कभी दबदबा था भाजपा का, अब लगातार मिल रही पटखनी?

    By Geetarjun GautamEdited By:
    Updated: Sun, 26 Jun 2022 05:52 PM (IST)

    Delhi Rajendra Nagar Assembly By Election Result Today दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के दुर्गेश पाठक ने जीत दर्ज कर ली है। वहीं भाजपा ने कड़ी टक्कर देते हुए पिछली बार की तुलना में जीत के अंतर को काफी कम किया है।

    Hero Image
    8 सालों में 3 बार AAP की जीत, कभी दबदबा था, अब भाजपा को लगातार मिल रही पटखनी?

    नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। Rajendra Nagar By-Election 2022 Result राजधानी की राजेंद्र नगर विधान सभा सीट पर आम आदमी पार्टी (आप) का जलवा कायम है। आप प्रत्याशी दुर्गेश पाठक ने उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार को शिकस्त दे दी है। इस आप संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जीत पर बधाई दी है। वहीं, भाजपा उम्मीदवार भी आप प्रत्याशी को कड़ी टक्कर दी थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राज्यसभा चुनाव के बाद खाली हुई सीट पर 23 जून को मतदान हुए थे। इससे पहले यहां से राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा आप के विधायक थे। राज्यसभा चुनाव के बाद यह सीट खाली हो गई थी। हालांकि 2020 में हुए विधानसभा चुनाव में राघव चड्ढा ने करीब 50000 मतों से जीत हासिल की थी। हालांकि इस बार भाजपा ने जीत के अंतर को कम किया है। इस बार आप प्रत्याशी ने करीब 11500 वोटों से जीत हासिल की है।

    मुख्यमंत्री ने दी बधाई, जताया आभार

    मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, "राजेंद्र नगर के लोगों का दिल से आभार। दिल्ली के लोगों के दिल्ली के लोगों के इस अथाह स्नेह और प्रेम का मैं आभारी हूं। यही हमें और मेहनत एवं सेवा करने की प्रेरणा देता है। लोगों ने उनकी गंदी राजनीति को हराया और हमारे अच्छे काम को सराहा। शुक्रिया राजेंद्र नगर, शुक्रिया दिल्ली ।"

    भाजपा के दबदबे वाली सीट आप के खाते में पहुंची

    इस सीट पर पिछले कुछ विधानसभा चुनावों के आंकड़ों पर नजर डालें यहां कभी भाजपा का दबदबा था। लेकिन पिछले दो बार के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी जीतती आई है। 1983 से 2003 तक भाजपा ने चार बार जीत दर्ज की थी। उसके बाद 2008 में कांग्रेस के रमाकांत गोस्वामी ने जीत दर्ज की, फिर 2013 में भाजपा के आरपी सिंह ने पहली बार चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार विजेंद्र गर्ग विजय को हराया था। उसके दो साल बाद जब फिर से उपचुनाव हुए तो आप के विजेंद्र गर्ग ने भाजपा के आरपी सिंह को हरा दिया।

    2020 में हुए चुनाव के बाद यहां राघव चड्ढा ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्हें पंजाब से राज्यसभा का सदस्य बना दिया गया। फिर उन्हें विधायक पद से इस्तीफा देना पड़ा। तभी से ये सीट खाली पड़ी थी। अब इस पर उपचुनाव के बाद फिर से आप का कब्जा हो गया है।

    आप-भाजपा ने बनाए मुद्दे

    दोनों पार्टियों ने जीत सुनिश्चित करने के लिए अपनी-अपनी रणनीति बनाई थी। आप ने ‘जिसकी सरकार, उसका विधायक' का नारा दिया। इससे यह संदेश देने की कोशिश की कि अगर यहां से आप का प्रत्याशी जीतता है तो आम आदमी पार्टी की सरकार और तेजी से विकास करेगी। साथ ही वहां की समस्याओं का समाधान भी होगा।

    जवाब में भाजपा ने दुर्गेश पाठक ने ‘बाहरी बनाम स्थानीय' का मुद्दा बनाया था। भाजपा के नेता लोगों को जनसंपर्क में यह बात कहते हुए नजर आ रहे थे कि केंद्र में उनकी सरकार है, ऐसे में समस्याओं का समाधान तो हो ही जाएगा, लेकिन आप का प्रत्याशी जीता तो उन्हें समस्याओं के समाधान के लिए करावल नगर जाना पड़ेगा।

    प्रचार में उतरे थे दिग्गज

    आप प्रत्याशी दुर्गेश पाठक की ओर से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया चुनावी रणक्षेत्र में उतरकर जनता से समर्थन मांगा था। दिल्ली सरकार के कई मंत्री, सांसद व विधायकों के साथ कार्यकर्ताओं की फौज भी मोर्चे पर तैनात थी।

    इसी तरह, भाजपा प्रत्याशी राजेश भाटिया के पक्ष में भी भाजपा के कई दिग्गज मैदान में उतरे थे। पूर्व महापौर और मौजूदा विधायकों के सात केंद्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव, अर्जुनराम मेघवाल, मीनाक्षी लेखी, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता वोट मांग रहे थे। साथ ही सांसद मनोज तिवारी, प्रवेश वर्मा, गौतम गंभीर, हंसराज हंस और गोरखपुर के सांसद रवि किशन भी राजेंद्र नगर की गलियों में उतरे थे।

    14 उम्मीदवार थे मैदान में

    राजेंद्र नगर विधानसभा सीट के उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के दुर्गेश पाठक, भाजपा के राजेश भाटिया और कांग्रेस की प्रेमलता सहित कुल 14 उम्मीदवार मैदान में थे। जिसमें आठ निर्दलीय व तीन अन्य पार्टियों के उम्मीदवार हैं। आम आदमी पार्टी के दुर्गेश पाठक को कुल 40 हजार 319 मत मिले। वहीं, भाजपा प्रत्याशी राजेश भाटिया 28 हजार 851 मत ही अपनी झोली में डाल पाएं। तीसरे स्थान पर कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी प्रेमलता ने 2,014 मत हासिल किए। हालांकि वह अपनी जमानत भी नहीं बचा सकीं। जबकि 546 लोगों ने नोटा का बटन दबाया था।

    23 जून को हुआ मतदान

    23 जून को हुए मतदान में कुल 43.75 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। इसके तहत 43.67 प्रतिशत पुरुष व 43.86 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने मतदान किया था।